मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गन्ने का रेट न बढ़ाने से नाराज होकर किसानों ने मंसूरपुर शुगर मिल गेट पर गन्ने की होली जलाई तथा प्रदेश सरकार से गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग की।
आंदोलन जन कल्याण के संयोजक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में किसान मंगलवार दोपहर मंसूरपुर शुगर मिल गेट पर पहुंचे और गन्ने का रेट नहीं बढ़ाने के विरोध में गन्ने की होली जलाई। प्रमोद कुमार का कहना था कि हर वर्ष गन्ने की खेती की लागत बढ़ रही है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा दो वर्ष से गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गन्ने का रेट भी देरी से घोषित किया गया है। गन्ने की पत्ती फूंकने पर किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं, जबकि किसान शुरू से ही पत्ती जलाता आ रहा है। अभी हाल ही में टेलीकॉम कंपनियों ने अपने रेट मनमाफिक बढ़ा दिए हैं। क्या कभी किसानों को भी अधिकार मिलेगा कि वह अपनी फसल का खुद रेट तय करें। उन्होंने सरकार से गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग की। इस दौरान नरेंद्र प्रधान, बबीता राठी, विनोद त्यागी, अशोक कुमार त्यागी, अजय पाल भैंसी, दिनेश त्यागी, पीनू त्यागी, ऋषिपाल, दिलशाद आदि मौजूद रहे।