मुख्य बाजार की सड़कें सिकुड़ी, दिनभर जाम से जूझे लोग
देवबंद। नगर में अतिक्रमण के चलते मुख्य बाजार की सड़कें सिकुड़ती जा रही है। इसके कारण दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं।
नगर में अतिक्रमण से जूझना लोगों की नियति बन गई है। रेलवे रोड, भायला रोड, एमबीडी चौक, अनाज मंडी, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, मीना बाजार, मंगलौर रोड सहित पूरा नगर अतिक्रमण की चपेट में है। हालात इतने बदतर है कि सड़कों से पैदल गुजरना दूभर है। शास्त्री चौक और सांपला रोड तिराहे पर भी अतिक्रमण का हाल बेहाल है। बाजारों में दुकानदारों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर रखा है। वहीं, रेहड़ी-पटरी वालों ने रही सही कसर पूरी कर दी है। आलम यह है कि मुख्य बाजार की सड़क संकरी गली का रूप ले चुकी है। बाजार में सार्वजनिक सड़क के दोनों किनारों पर रेहड़ियां और मोटर साइकिलें खड़ी रहने से बाजार में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात व्यवस्था लागू नही होने के कारण दिन में भारी वाहनों की आवाजाही होने से बाजारों की सड़कें अवरुद्ध बनी रहती है। स्थानीय अधिकारियों के वाहन भी अक्सर जाम में फंस जाते है। इसके बाद भी आज तक प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते पूरा नगर अतिक्रमण की चपेट में है। नगर वासियों का कहना है कि दिन में बाजारों में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने के साथ ही अस्थायी अतिक्रमण हटवाया जाए, जिससे कि लोगों को अतिक्रमण से राहत मिल सके। वहीं, एसडीएम राकेश कुमार का कहना है कि जल्द ही अभियान चलाकर नगर में फैले अतिक्रमण को हटवाया जाएगा।