मुजफ्फरनगर। नगर के एक स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना से गुस्साए रालोद छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार दोपहर बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। कहा गया कि उक्त स्कूल बिना मान्यता के चलाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने बीएसए को अपने बीच में बैठा लिया। मुख्य गेट पर कुछ देर केे लिए तालाबंदी की गई। सीओ सिटी ने पहुंच कर समझाकर शांत कर तीन दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चेतावनी देते हुए धरना समाप्त किया गया।
शहर स्थित एक स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के मामले में रालोद छात्र सभा जिलाध्यक्ष सार्थक लाटियान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप था कि उक्त स्कूल बिना मान्यता के चलाया जा रहा है, इसके जिम्मेदार बीएसए है। इसी के चलते कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। बीएसए को कार्यालय से बाहर बुलाकर कार्यकर्ताओं ने अपने बीच में बैठा लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीएसए के पास स्कूल के कागजात नहीं थे। स्कूल को बंद करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने बीएसए कार्यालय के मुख्य गेट पर कुछ देर के लिए तालाबंदी भी की। यह पता चलने पर सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने पहुंच कर कार्यकर्ताओं को समझा कर उन्हें तीन दिन के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान रालोद नेता अजित राठी, सुधीर भारतीय, काजी फैज, मयंक बालियान, अरशद राजपूत, नदीम अंसारी, ध्रुव राठी, अदनान, अर्जित लाटियान, फैसल, अमन आदि मौजूद रहे।