देवबंद। गाजियाबाद डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद द्वारा पृथ्वीराज चौहान और देश के प्रधानमंत्री के विरुद्ध दिए गए आपत्तिजनक बयान पर राजपूत चेतना मंच आगबबूला हो गया है। बृहस्पतिवार को मंच से जुड़े पदाधिकारियों ने समाज के लोगों के साथ पीएम मोदी व सीएम योगी को ज्ञापन भेजा। जिसमें 48 घंटे में बयान को वापस लेकर माफी न मांगने पर कठोर निर्णय लिए जाने की चेतावनी दी गई।
एसडीएम संजीव कुमार को सौंपे संबोधित ज्ञापन में कहा कि पृथ्वीराज चौहान व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर दिए गए बयान से देश का क्षत्रिय और हिंदू समाज आहत हुआ है। नरसिंहानंद का बयान घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण और भगवा क्षत्रिय समाज के लिए हमेशा ही पूजनीय रहा है। जिसकी रक्षा भी समाज के योद्धाओं ने विदेशी आक्रांताओं से की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शब्दों का प्रयोग कोई तुच्छ भगवाधारी मानसिकता वाला ही कर सकता है। चेतावनी दी गई यदि 48 घंटे के भीतर नरसिंहानंद ने बयान वापस लेकर क्षत्रिय समाज से माफी नहीं मांगी तो कठोर निर्णय लिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष मुकेश राणा, आदित्य पुंडीर, विशाल पुंडीर, शिवम राणा, अंकित राणा, डा. बीपी सिंह, लोकेश पुंडीर, अनुज राणा, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।