देवबंद (सहारनपुर)। सांस्कृतिक एवं सामाजिक महिला संगठन प्रेरणा के बैनर तले सीएए के समर्थन एवं विरोधियों की सद्बुद्धि के लिए चल रहा भजन कीर्तन कार्यक्रम 19वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान ध्यानगुरु स्वामी दीपांकर महाराज कीर्तन स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया।
शिक्षक नगर स्थित शिव पार्क में चल रहे महिलाओं के भजन कीर्तन कार्यक्रम में पहुंचे स्वामी दीपांकर महाराज ने कहा कि सीएए को लेकर विपक्ष लगातार भ्रम फैलाकर विरोध प्रदर्शन करा रहा है। जिससे देश का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि जब तक सीएए का विरोध करने वाले अपने घरों को वापस नहीं जाते तब तक वह भी अपना भजन कीर्तन कार्यक्रम जारी रखें। डोली गोयल ने कहा कि सीएए का विरोध होने के चलते ही दिल्ली में इतना बड़ा उपद्रव हुआ। लाखों लोगों को जानी व माली नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया। शुभलेश शर्मा ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जनता के हित में फैसले ले रही है, लेकिन विपक्ष को यह रास नहीं आ रहा है और वह देश की जनता को उकसाकर माहौल खराब करा रहा हैं। उन्होंने कहा कि सब अच्छे से जानते हैं कि नागरिकता संशोधन कानून से किसी की नागरिकता को कोई खतरा नहीं है, लेकिन राजनीति के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में उग्र आंदोलन कराए जा रहे हैं। इससे पूर्व स्वामी दीपांकर महाराज का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। डा. कांता त्यागी, नीलम गर्ग, मंजू गुप्ता, ललिता प्रजापति, बिजेंद्र गुप्ता, मोहनलाल कोरी, अजय गर्ग, प्रवीण गोयल, अभिषेक मित्तल, मीरा चौरसिया, मंजू गुप्ता, शकुंतला राणा, नीलम शर्मा, उषा धीमान, राजबाला धीमान, रुचि सैनी, राजकुमारी कश्यप आदि मौजूद रहे।