नरेश टिकैत का बड़ा बयान, कहा- गाजीपुर बाॅर्डर से नहीं हटेगा धरना, महापंचायत आज
- आज सुबह 11 बजे मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में महापंचायत
- नरेश टिकैत बोले, किसानों के लिए हम कुर्बान हो जाएंगे: टिकैत
- कहा-अब धरना नहीं उठेगा, वहां से कई लाशें उठेंगी
- पहले आंदोलन वापसी लेकिन फिर जारी रखने की घोषणा
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने किसान भवन में हुई पंचायत में गॉजीपुर बार्डर पर चल रहे धरने को समाप्त करने की घोषणा कर कर दी थी। लेकिन देर रात गाजीपुर बॉर्डर पर हुए घटनाक्रम को लेकर उन्होंने अपनी घोषणा वापस ले ली। देर रात किसान भवन में फिर से आपातकालीन पंचायत बुलाई गई। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि अब आंदोलन जारी रहेगा।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे सिसौली के किसान भवन पर किसानों की पंचायत बुलाई। पंचायत में किसान बिरादरी पर लगे हुए आरोप को नकारा गया।
वहीं देर रात बुलाई गई पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में महापंचायत करने की घोषणा की। कहा कि अब किसान रुकने वाला नहीं है। यदि गाजीपुर बॉर्डर पर किसी भी किसान के साथ कोई घटना होती है तो इसके बाद के हालात की जिम्मेदार केंद्र और राज्य सरकार होगी।
उधर, महापंचायत का ऐलान होने के बाद किसानों में आक्रोश को देखते हुए मेरठ पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर फोर्स तैनात कर दी। हालांकि देर रात तक किसानों ने गाजीपुर बाॅर्डर के लिए कूच नहीं किया।
सिसौली में पंचायत के दौरान चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि कहा कि हम अपने संगठन और अपने किसान बिरादरी पर यह काला दाग बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे कि किसानों ने यह झंडा लाल किले पर फहराया है। सरकार अपने षड्यंत्र में कामयाब हो गई है। यह सरकार की एक सोची समझी रणनीति के तहत हुआ है, जिन्होंने 63 दिन से शांतिपूर्वक चल रहे धरने को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जो सरकार हमारे देश की धरोहर को भी नहीं बचा सकती, वह हमारी क्या रक्षा करेगी।
कहा कि यह सरकार की रणनीति के तहत हुआ है कि एक आदमी लाल किले पर अपना झंडा फहरा जाता है और सरकार उसे आराम से निकाल देती है। सरकार की यह यह एक साजिश है किसानों को बर्बाद करने की।
सरकार ने किसानों और किसान नेताओं पर जो मुकदमे लगाए हैं हम उन मुकदमों को झेलने के लिए तैयार हैं, अगर जेल भी जाना पड़ेगा किसान के हक की लड़ाई के लिए हम जेल भी जाएंगे, हम कभी भी किसानों के लिए हर मुकदमे झेलने के लिए तैयार हैं।
सरकार ने सभी धरनास्थलों पर अपने आदमी भेज कर हम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है कि धरनास्थल खाली करो। इससे पहले कि माहौल और बिगड़ जाए और हम पर कोई आरोप लगे हम आज ही गाजीपुर बॉर्डर से अपना धरना समाप्त करते हैं। हम किसी नेता का विरोध नहीं करेंगे और समय का इंतजार करेंगे।
उन्होंने पंचायत में आगे की रणनीति के लिए दो दिन का समय मांगा था। कहा कि किसान को खत्म करने की जो साजिश सरकार ने चली है वो हम क़भी सफल नही होने देंगे। पंचायत में धरना वापस लेने की घोषणा के बाद कुछ घंटे बाद ही गाजीपुर बॉर्डर पर हुए घटनाक्रम के बाद भाकियू ने अपनी रणनीति बदल दी।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने धरना समाप्त करने की घोषणा को वापस ले लिया। देर रात को उन्होंने किसान भवन में फिर से किसानों की आपात पंचायत बुला ली। उन्होंने बताया कि हम शांति से धरना खत्म रहे थे, मगर सरकार ने हमारे इस निर्णय को पलटवा दिया है। अब आंदोलन जारी रहेगा।
मुजफ्फरनगर जनपद में महापंचायत का ऐलान होने के बाद मेरठ पुलिस ने सिवाया टोल पर फोर्स तैनात कर दी। हालांकि देर रात तक मुजफ्फरनगर की ओर से कोई भी ट्रैक्टर या किसान नहीं आता दिखाई दिया।
गाजीपुर बॉर्डर को खाली कराने के लिए भारतीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को उठाने का प्रयास किया गया। जिस पर वह भावुक हो गए। राकेश टिकैत का वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर में खलबली मच गई। सोशल मीडिया पर राकेश टिकैत का वीडियो वायरल होने के बाद वहां की स्थानीय लोगों ने दिल्ली में कूच करने का ऐलान भी कर दिया। इसकी जानकारी लगने पर मेरठ पुलिस ने सिवाया टोल पर पुलिस फोर्स लगा दिया। टोल पर दौराला पल्लवपुरम परतापुर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स लगी हुई है।
एसपी सिटी डॉक्टर अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए सिवाया टोल पर पुलिस का पहरा लगाया गया है। हालांकि देर रात तक मुजफ्फरनगर से कोई भी ट्रैक्टर या फिर किसान आता नहीं दिखाई दिया। पुलिस का कहना है कि किसी भी हालत में गाजीपुर बॉर्डर पर किसान को जाने नहीं दिया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/