हादसा: मां के आंचल से बिछड़ गए जिगर के टुकड़े, दीपक-शेखर की मौत पर रो रहा पूरा गांव, सदमे में दोनों के परिजन
Muzaffarnagar Accident News : एनएच-58 पर दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई। जहां, दोनों दोस्तों की मौत से पूरा गांव सदमे में है तो वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
हर रोज की तरह रविवार को घर से काम के लिए निकले दीपक और शेखर हादसे का शिकार हो गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद दोनों के परिवार वाले घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
घर से निकले काम के लिए, पर दुनिया से ही चले गए
दोनों दोस्त दीपक और शेखर रविवार सुबह घर से काम के लिए निकले थे लेकिन, किसी ने यह सोचा भी नहीं होगा कि वे लौटकर नहीं आ पाएंगे। बताया गया कि स्कूल की छुट्टियों में दोनों किसी फैक्टरी में काम कर रहे थे। दोनों की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एनएच-58 पर हुआ हादसा
मुजफ्फरनगर में मंसूरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर रोडी से भरे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
ऐसे गई दोनों की जान
पुलिस के अनुसार, मंसूरपुर के गांव जोहरा निवासी दीपक और शेखर बाइक पर मुजफ्फरनगर से आते समय महिंद्रा एजेंसी के पास एक ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक मुजफ्फरनगर की तरफ से मंसूरपुर की तरफ जा रहा था और दोनों युवक भी बाइक पर बराबर में चल रहे थे। इसी दौरान रोडी से भरे ट्रक ने दोनों को चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें: बेसहारा हुईं तीन बेटियां: पति की हत्या कर पत्नी गई जेल, बेटी बोली- मम्मी कहती थी पापा को रास्ते से हटा देंगे
बताया गया कि ट्रक की चपेट में एक कार भी आ गई और वह डिवाइडर पर चढ़ गई लेकिन, उसमें कोई घायल नहीं हुआ हैं। उधर, ट्रक की चपेट में आने से युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक छात्र बताए जा रहे हैं और वह गर्मियों की छुटियों में मुजफ्फरनगर में किसी फैक्टरी में काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: कलेजा चीर रही ये वारदात: बेड पर पड़ी थी लाश, बच्चे रोते हुए बोले- मम्मा उठ जाओ, हमारे लिए नाश्ता कौन बनाएगा
पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं आई है। ट्रक लेकर चालक फरार हो गया। हादसे के बाद जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने खुलवा दिया है।