मुजफ्फरनगर : खतौली में तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, पंचायत चुनाव के मद्देनजर बनाए जा रहे थे अवैध असलहा
उत्तर प्रदेश के शामली में शेरकोट थानाक्षेत्र में गांव अतरपुरा व ढिंढावली में चल रही अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से बने-अधबने तमंचे, पार्ट्स व उपकरण बरामद किए हैं।
कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के गांव अतरपुरा के जंगल में दबिश देकर कंवल सिंह के ईख के खेत में दबिश दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि घेराबंदी में गांव गालिबपुर व हाल अतरपुरा निवासी मोनू को गिरफ्तार किया गया, जो तमंचे बना रहा था।
उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मौके से एक देशी बंदूक, दो मस्कट, चार तमंचे के साथ ही कारतूस, अधबने असलहा, पार्ट्स और उपकरण बरामद किए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी मोनू को जेल भेजते हुए उसके साथी की तलाश की जा रही है।
उधर, तितावी थाना पुलिस ने भी ढिंढावली गांव में पुलिया के पास स्थित एक खेत में दबिश दी। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मौके से एक आरोपी बुढ़ाना के गांव हुसैनपुर कलां निवासी दिलशाद को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ने एक बाइक पर ही तमंचे बनाने के उपकरण फिट किए हुए थे, जिन पर वह तमंचे बना रहा था। मौके से दो मस्कट 12 बोर, तीन तमंचे, बड़ी संख्या में अधबने तमंचे, पार्ट्स और बाइक पर फिट किए गए उपकरण बरामद किए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दिलशाद को जेल भेज दिया गया है।
इन्होंने कहा
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस का पूरा फोकस अवैध असलहा व शराब की बरामदगी पर है। इसके मद्देनजर लगातार इन धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अतरपुरा व ढिंढावली में अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो पंचायत चुनाव के दौरान देहात क्षेत्र में सप्लाई के लिए अवैध असलाह तैयार कर रहे थे।