UP: मुजफ्फरनगर में शिवपाल यादव ने साधा निशाना, बोले- 'भाजपा सिर्फ नाम बदलती है, काम नहीं करती'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी करने पर उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ नाम बदलती है, काम नहीं करती। शिवपाल ने गुजरात के दो बड़े नेताओं को भी नाम बदलने की सलाह दी।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता के लिए काम करने का कोई विजन नहीं है, वे सिर्फ शहरों और कस्बों के नाम बदलकर राजनीति करते हैं।
शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी रखने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा, भाजपा सिर्फ नाम बदलने की राजनीति करती है, असल काम नहीं करती। चुनाव से पहले किए गए वादों में से कोई भी वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा: मेरठ में पार्षदों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, नगरायुक्त ने सदन छोड़ा
शिवपाल यादव ने यहां तक कहा कि भाजपा के दो बड़े गुजराती नेताओं को भी अपना नाम बदल लेना चाहिए। हालांकि उन्होंने सीधे नाम नहीं लिया।
सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान बनने संबंधी बयान पर भी शिवपाल यादव ने कटाक्ष किया। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि संगीत सोम कभी सपा में भी रहे हैं, और उनका चरित्र सब जानते हैं।
यह बयान उन्होंने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष इलम सिंह गुर्जर के गोकुल सिटी स्थित आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया। इस मौके पर सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक पंकज मलिक, सपा जिला अध्यक्ष जिया चौधरी और सोमपाल भाटी समेत कई नेता मौजूद रहे।