सोनिका और निशांत ने बाजी मारी
मंसूरपुर। अकॉर्ड स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ग्रामीण खेल महोत्सव में लड़कियों में सोनिका तथा लड़कों में निशांत ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को पछाड़ कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्रिकेट में सहारनपुर की टीम ने ट्रॉफी जीती। सभी विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंसूरपुर के अकॉर्ड स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे ग्रामीण खेल महोत्सव का समापन हो गया। सीनियर वर्ग लड़कियों में ऊंची कूद व लंबी कूद में सोनिका प्रथम रहीं। लड़कों में ऊंची कूद व लंबी कूद में निशांत प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में अक्षित, 100 मीटर दौड़ में अमन प्रथम रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में सोंटा की टीम प्रथम स्थान पर रही। लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता में सोंटा की टीम प्रथम स्थान पर रही। क्रिकेट प्रतियोगिता में सहारनपुर की टीम ने बिहारी की टीम को छह विकेट से हराकर ट्रॉफी जीती। विजेता खिलाडियों को मुख्य अतिथि दिनेश जैन, मोहम्मद अतीक तथा प्रबंधक मोहम्मद नबील ने मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रैफरी तथा कोच के रूप में मास्टर नीटू, राहुल कुमार, मोहम्मद आबिद, महावीर सिंह, राजीव राठी का योगदान रहा।