Muzaffarnagar: मुरादनगर ITS चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह की सड़क हादसे में मौत, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के भौराकलां निवासी दरोगा रविंद्र सिह की बालियान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह मुरादनगर की आईटीएस चौकी के प्रभारी थे। वहीं बुधवार को गमगीन माहौल में उनके पैतृक गांव के श्मशान घाट पर उनका अतिम संस्कार किया गया।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद में भौराकलां क्षेत्र के गांव गढ़ी नौआबाद निवासी दरोगा का अंतिम संस्कार हिंडन नदी स्थित गांव के शमशान घाट में किया गया। गांव में गम का माहौल है। मंगलवार को दोपहर के समय गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह बालियान (42) की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
रविंद्र सिंह मुरादनगर की आईटीएस चौकी के प्रभारी थे। बाइक पर गाजियाबाद की जिला अदालत जा रहे थे। मुरादनगर में तेज गति से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
बुधवार को दोपहर बाद उप निरीक्षक का शव पुलिस वाहन में उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव को देखकर परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
अंतिम संस्कार रविंद्र सिंह के बड़े भाई धर्मेंद्र ने उनके पुत्र को गोद में लेकर किया। मुखाग्नि से पूर्व गाजियाबाद व मुजफ्फरनगर की पुलिस टुकड़ी ने सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार, प्रधान जयभगवान, ओमवीर सिंह, ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।