Muzaffarnagar: सीमेंट व्यापारी से बाइक और 40 हजार रुपये लूटे, विरोध करने पर किया लहूलुहान, अस्पताल में भर्ती
Muzaffarnagar News : बदमाशों ने सीमेंट व्यापारी से बाइक और 40 हजार रुपये लूट लिए। वहीं, विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी को लहूलुहान कर दिया।
विस्तार
मेरठ के मवाना से बाइक पर मुजफ्फरनगर आ रहे सीमेंट व्यापारी को लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बाइक सवार बदमाश व्यापारी से 40 हजार की नगदी व बाइक लूटकर फरार हो गए। घायल व्यापारी को जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ जानसठ ने घटना की जानकारी ली है।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव कवाल निवासी नसीम (48) की गांव में ही सीमेंट की दुकान है। बताया गया कि नसीम शुक्रवार को मेरठ के मवाना में अपनी ससुराल से बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहा था। जब वह थाना मीरापुर क्षेत्र में गांव भूम्मा व बटावली गंगनहर पटरी के पास पहुंचे तो इसी बीच पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने तमंचा दिखा कर बाइक रुकवा ली और लूट का प्रयास किया।
वहीं, नसीम ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और सिर में तमंचे की बट मारकर नसीम का सिर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद तीनों बदमाश नसीम की बाइक व 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। किसी तरह घायल नसीम ने पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: तमंचे के बल पर बंधक बनाया: पांच बच्चों के पिता ने बच्ची से किया दुष्कर्म, बेटी की हालत देख परिजनों के उड़े होश
इसके बाद थाना पुलिस के साथ सीओ जानसठ शकील अहमद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना कर पुलिस को बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए। कई घंटे की कांबिग के बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने घायल को जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: मुठभेड़ में 25 हजार इनामी घायल, युवक की मौत के मामले में खाकी पर गिरी गाज, पढ़ें ताजा खबरें
सीओ जानसठ ने कहा कि थाना पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।