देवबंद (सहारनपुर)। अंबहेटा शेखां गांव में चुनावी रंजिश के चलते पांच युवकों ने कहासुनी के बाद हुई मारपीट के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी सहारनपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अंबहेटा शेखां गांव निवासी नौशाद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि चचेरे भाई फिरोज (28) की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर गांव के ही अजमल हसन से रंजिश चल रही थी। सोमवार की देर रात्रि फिरोज देवबंद से गांव लौट रहा था। इसी दौरान अजमल ने अपने साथियों आजम, शाहरुख, परवेज और मुकर्रम के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया तथा गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि फिरोज जान बचाकर घर की ओर दौड़ने लगा तो उक्त लोगों ने डॉ. बंगाली की क्लीनिक के सामने उसे पकड़ लिया तथा उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोगों को मौके पर आता देख आरोपी फरार हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और फिरोज को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उपचार के लिए उसे सहारनपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आजम, मुकर्रम, अजमल हसन, शाहरुख और परवेज के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, फिरोज की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

अंबहेटा शेखां गांव में युवक की मौत के बाद विलाप करतीं महिलाएं- फोटो : DEVBAND