मनमुटाव हुआ दूर: अब किसान महापंचायत में गठवाला खाप का समर्थन, तैयारियां जारी, प्रशासन बोला- नहीं मिला कोई पत्र
संयुक्त किसान मोर्चा ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में पांच सितंबर को किसान महापंचायत की घोषणा की है, जिसकी जिम्मेदारी भारतीय किसान यूनियन को सौंपी गई है। महापंचायत को देखते हुए अभी से टेंट लगाने का कार्य शुरू हो चुका है।
विस्तार
भाकियू ने पांच सितंबर को जीआईसी में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत को लेकर जिला प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली है। आयोजकों की ओर से अभी तक जिला प्रशासन को कोई पत्र भी नहीं दिया गया है। उधर, भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि पांच सितंबर को होने वाली महापंचायत की सूचना डीएम को पत्र देकर दे दी थी। पत्र से ही प्रशासन को महापंचायत के बारे में जानकारी दे दी है। वहीं गठवाला खाप से चल रहा मनमुटाव भी दूर हो गया है। अब किसान महापंचायत में गठवाला खाप का समर्थन है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में पांच सितंबर को किसान महापंचायत की घोषणा की है, जिसकी जिम्मेदारी भारतीय किसान यूनियन को सौंपी गई है। महापंचायत को देखते हुए अभी से टेंट लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। भाकियू ने प्रशासन को महापंचायत की अनुमति के लिए अभी तक कोई पत्र नहीं दिया है। जिला प्रशासन भी महापंचायत में संभावित भीड़ को देखते हुए भाकियू को पत्र जारी करेगा। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी भाकियू की होगी। कोविड प्रोटोकॉल के तहत सैनिटाइज और मास्क की जिम्मेदारी भाकियू की होगी। किसानों को आमजन मानते हुए उनके पानी, टॉयलेट और मेडिकल की व्यवस्था जिला प्रशासन कर रहा है।
भाकियू के होर्डिंग्स पर छाए राकेश टिकैत
शहर के चौराहों पर इस समय चौतरफा भाकियू के होर्डिंग्स लगे हैं। इन होर्डिंग्स में खास बात यह है कि राकेश टिकैत का बड़ा फोटो लगा है और भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत का फोटो होर्डिंग्स में ऊपर नेताओं की भीड़ में छोटा सा लगा दिया गया है। मीनाक्षी चौक पर एक साथ कई ऐसे होर्डिंग्स लगाए गए हैं। जिले के आम किसानों में यह होर्डिंग्स चर्चा का विषय बन गए है।
एक मंच पर आए गठवाला व बालियान खाप के चौधरी
सिसौली कस्बे में विधायक उमेश मलिक के साथ हुई घटना के बाद से गठवाला खाप के बाबा चौ. राजेंद्र सिंह और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत के बीच दूरियां बढ़ गई थी। भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत दावा करते रहे कि वे खाप के बाबा को अवश्य मना लेंगे। गठवाला खाप के बिना वे अधूरे हैं। कुरावा गांव की पंचायत में गठवाला खाप बाबा चौ. राजेंद्र सिंह व बालियान खाप के चौ. नरेश टिकैत एक मंच पर दिखाई दिए। गठवाला खाप के बाबा ने कहा कि देश के किसानों की लड़ाई में वे पीछे नहीं रहेंगे। चौ. नरेश टिकैत ने कहा कि बालियान व गठवाला खाप दोनों बड़े कुनबे हैं। बड़े कुनबों में थोड़ा बहुत मनमुटाव तो हो ही जाता है। आज हम सब साथ हैं।
जयंत चौधरी ने किया मुजफ्फरनगर किसान महापंचायत का समर्थन
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की किसान महापंचायत पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में है, इस प्रयास को मेरा और राष्ट्रीय लोकदल का पूरा समर्थन है और सभी से आग्रह है कि वह अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचे और विरोधियों को अपनी ताकत का एहसास कराएं।
करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए जयंत चौधरी ने कहा ऐसे दृश्य देखकर खून खोल उठता है। उन्होंने कहा भाजपा किसान विरोधी नीतियों पर जोरशोर से काम कर रही है। कहा कि अब किसान जाग गया है। उन्होंने किसानों को एकजुट होकर अपने हकों के लिए बुलंद आवाज करने की अपील की है। दूसरी ओर रालोद के जिला महासचिव राजू तोमर सिरसली ने कहा कि जयंत चौधरी किसानों के सच्चे हितैषी हैं। चौधरी साहब ने किसान महापंचायत को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। हम सब रालोद कार्यकर्ता किसानों के साथ मुजफ्फरनगर संयुक्त किसान मोर्चा की किसान महापंचायत में शामिल होंगे।
योगेंद्र यादव कल करेंगे जड़वड़ में पंचायत
संयुक्त किसान मोर्चा के घटक किसान स्वराज संगठन के अध्यक्ष योगेंद्र यादव एक सितंबर को जनपद में जड़वड़ गांव में किसान पंचायत करेंगे। योगेंद्र यादव पांच सितंबर को होने वाली महापंचायत के लिए किसानों की पंचायत कर उन्हें महापंचायत में पहुंचने का आह्वान कर रहे हैं।
जयंत के समर्थन से रालोद कार्यकर्ताओं में उत्साह
रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पांच सितंबर की किसान महापंचायत को समर्थन की घोषणा कर दी है। इस घोषणा से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर गया है। जिले के रालोद कार्यकर्ता महापंचायत की तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि पूर्व विधायक राजपाल बालियान दो दिन पहले ही महापंचायत को समर्थन देने की बात कर चुके हैं। जाट समाज के रालोद के अधिकतम वोटर भाकियू की पंचायत में आते हैं। जयंत चौधरी की घोषणा से उनमें अधिक उत्साह भर गया है।