मुजफ्फरनगर। समर्पित युवा समिति की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत शहर में 13 अगस्त को जज्बा दौड़ का आयोजन होगा। कॉमनवेल्थ खेलों की पदक विजेता पहलवान दिव्या काकरान और पैदल चाल खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी भी शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि वह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीडीएस स्वर्गीय बिपिन रावत को दौड़ समर्पित की जाएगी।
गांधी कॉलोनी स्थित रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, समर्पित युवा समिति के संरक्षक सत्य प्रकाश रेशू और संचालक अमित पटपटिया ने बताया कि 13 अगस्त को जज्बा दौड़ के आठवें संस्करण का आयोजन होगा। इससे पहले नौ अगस्त को जन जागरण के लिए बाइक रैली निकाली जाएगी। जज्बा दौड़ सुबह छह बजे राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, जिला अस्पताल, घास मंडी, अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी, प्रकाश चौक से वापस जीआईसी के मैदान पर पहुंचेंगी। महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग दौड़ होगी। प्रशासन के सहयोग से शहर में सफाई व्यवस्था कराई जाएगी। दौड़ के दौरान 131 फीट ऊंचाई का तिरंगा झंडा लहराएगा। 125 साल के धर्मपाल सिंह भी दौड़ेंगे। पुरुषों के लिए पांच किमी और महिलाओं के लिए दौड़ दो किमी की होगी।