मुजफ्फरनगर। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सुशील शर्मा ने कहा कि एमएलसी चुनाव में लोकतंत्र की हत्या की जाती है। चुनाव में ऐसी व्यवस्था हो कि मतदाता अपनी इच्छा से मतदान कर सके।
रुड़की रोड पर एक रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता में सुशील शर्मा ने कहा कि बीडीसी सदस्यों का सबसे अधिक शोषण होता है। दबाव बनाकर विधि विरुद्ध कार्य सत्ता और विपक्ष दोनो करते हैं। विधायक, प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष, चेयरमैन इस चुनाव में खुद मतदाता है। अन्य मतदाताओं पर सत्ता का दबाव एवं दबंगई के बल पर मतदान कराने का कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकतम वोटरों के प्रमाण पत्र जब्त कर लिए गए हैं। प्रमाण पत्र के आधार पर वोट की प्रथा समाप्त कर सीधे वोटर लिस्ट से वोट डलवाए जाएं। ऐसा माहौल बनाए कि सभी अपनी इच्छा से मतदान करें। पत्रकार वार्ता में आफताब आलम, प्रदीप धीमान, अतुल शर्मा, निकेश सिंह, रविंद्र कुमार, टिटू कुमार, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।