पुलिस प्रशासन को 48 घंटे की मोहलत
मोरना (मुजफ्फरनगर)। हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुर्जर समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस मसले को लेकर गांव इलाहाबास में हुई पंचायत में पीड़ित पक्ष के परिजनों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पंचायत ने पुलिस प्रशासन को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे की मोहलत दी है। मांग पूरी नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय पर गुर्जर समाज धरना प्रदर्शन-करने पर मजबूर होगा।
बता दें कि भोपा के गांव इलाहाबास निवासी 28 जनवरी को रवि शुकतीर्थ मार्ग स्थित गन्ना सेंटर पर गन्ना तौलकर गांव लौट रहा था, तभी अचानक शुकतीर्थ से आए युवकों ने आरोपी पुनित, अभिजीत, शेखर, गौरव, हरदीप आदि ने रवि के साथ मारपीट कर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया था। परिजनों ने आरोपियों के विरुद्ध भोपा थाने पर मुकदमा दर्ज करा रखा है। पीड़ित के पिता विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी युवक गांव में आकर परिजनों के साथ फैसला करने का नाजायज दबाव बनाते हुए फैसला नहीं करने पर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। पंचायत के दौरान चांदवीर, बाबू, आजाद, जगपाल, श्याम, सोनू, वीर सिंह, सुंदर, महकपाल प्रधान, सतपाल, कंवल, मनीष, संजय, कुलदीप, आदि ने भोपा पुलिस को 48 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने की चेतावनी दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।