संक्रमित महिला के 27 परिजनों की होगी जांच
मुजफ्फरनगर/शाहपुर। शाहपुर क्षेत्र के गांव आदमपुर में संक्रमित महिला के मोहल्ले में 17 घरों के 140 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा संक्रमित महिला के करीब 27 परिजनों की कोरोना की जांच कराई जाएगी।
शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि गांव आदमपुर में कोरोना संक्रमित महिला मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क रहकर कार्य कर रहा है। संक्रमित महिला के मोहल्ले में 17 घरों में रहने वाले 140 महिला, पुरुष और बच्चों की शनिवार को थर्मल स्क्रीनिंग की गई, जो सभी सामान्य मिले। संक्रमित महिला के सभी 27 परिजनों की भी कोरोना जांच कराई जाएगी, क्योंकि परिवार के लोग संक्रमित महिला के संपर्क में थे। दूसरी ओर हॉटस्पॉट इलाके में पुलिस ने गश्त कर लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी। उधर, कूकड़ा गांव में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित मिले युवक के परिजनों को आईसोलेट किया है। आसपास के घरों के रहने वालों की स्क्रीनिंग कराई गई है। उसके संपर्क में आने वालों को भी चिह्नित कर क्वारंटीन कराया जा रहा है।