मुलायम-अखिलेश हुए नाराज, कई 'मंत्रियों' पर गिरेगी गाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को अपेक्षा के मुताबिक सीटें न मिलीं तो सरकार में दर्जा प्राप्त कई मंत्रियों की कुर्सी छिननी तय है।
अंदरखाने से खबर है कि एग्जिट पोल में दिखाए जा रहे नतीजों को लेकर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रामगोपाल यादव बेहद नाराज हैं।
परिणाम एग्जिट पोल के आसपास ही रहा तो दर्जा प्राप्त मंत्रियों पर गाज गिरनी तय है। पार्टी का प्रदेश नेतृत्व मान रहा है कि एग्जिट पोल में जिस तरह से रिपोर्ट आ रही है, उससे साफ है कि इन मंत्रियों ने क्षेत्र में मतदाताओं को पक्ष में करने के लिए गंभीरता से काम नहीं किया।
16 मई के परिणाम का इंतजार
बुधवार को सपा मुखिया के भाई के अस्थि विसर्जन के लिए अभय राम सिंह, सांसद धर्मेंद्र यादव इलाहाबाद पहुंचे। इस कार्यक्रम को बेहद गोपनीय रखा गया। संगम में अस्थि विसर्जन से पहले सांसद और परिजनों ने सिविल लाइंस स्थित एक होटल में कुछ देर विश्राम किया। इस दौरान पार्टी के कुछ स्थानीय नेता भी वहां मौजूद थे।
नाम न छापने की शर्त पर एक पदाधिकारी ने बताया कि पूरे प्रदेश के साथ इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय क्षेत्र से सपा प्रत्याशियों को लेकर जिस तरह की रिपोर्ट मिल रही है, उससे प्रदेश नेतृत्व भी परेशान है। हालांकि इलाहाबाद संसदीय सीट को लेकर पार्टी कुछ हद तक आश्वस्त है लेकिन फूलपुर में मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है। ऐसे में प्रदेश नेतृत्व मान रहा है कि इलाहाबाद से दर्जा प्राप्त दो कैबिनेट मंत्री और पांच राज्य मंत्रियों ने खास प्रचार-प्रसार नहीं किया।
बातचीत में सांसद धर्मेंद्र ने भी इसे लेकर नाराजगी जताई और इशारा कर गए कि 16 मई को परिणाम आने के बाद दर्जा प्राप्त मंत्रियों से कुर्सी छिन सकती है। इसके साथ ही जिला एवं महानगर इकाइयां भी भंग होने की संभावना है।