मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। कड़ाके की ठंड झेल रहे शहरवासियों को अभी सर्दी और कोहरे से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आंशिक बादल और सोमवार से ठंड बढ़ने की आशंका है।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन इसका असर बहुत हल्का है। इसकी वजह से मुरादाबाद, रामपुर के आस-पास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल रहेंगे। रविवार सुबह मध्यम से घना कोहरा हो सकता है। दिन में हल्की धूप खिल सकती है। सोमवार से मौसम साफ है। सर्द हवाओं के चलने से सुबह-शाम कड़ाके की ठंड रह सकती है। शनिवार को दोपहर में धूप खिली थी, लेकिन उससे भी गलन भरी ठंड से बहुत राहत नहीं मिल पाई। शाम को फिर सर्द हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।