यूपी: राज्यपाल के कार्यक्रम में हंगामा, परेशान युवक ने रो-रोकर बताई अपनी मजबूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अपने दौरे के तीसरे दिन अमरोहा जिले के गजरौला पहुंचीं। यहां जुबिलेंट में हेलीकॉप्टर से उतरते ही कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान, विधायक मंडी धनौरा राजीव तरारा, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के लिए गईं।
इस दौरान कार्यक्रम में गजरौला निवासी एक व्यक्ति ने हंगामा खड़ा कर दिया। यह शख्स अपनी मां की पेंशन बनवाने के संबंध में राज्यपाल से मुलाकात करना चाहता था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने राज्यपाल से शख्स को मुलाकात नहीं करने दी। इसके बाद नाराज शख्स ने मौके पर जमकर हंगामा किया।
हंगामा करने वाला व्यक्ति गजरौला बस्ती के मोहल्ला नईपुरा का रहना वाला है। शख्स का नाम चंद्रसेन भगत है। उसकी मां का नाम राम दुलारी है, लेकिन समाज कल्याण डिपार्टमेंट में तैनात बाबू पेंशन कार्ड बनवाने के लिए रिश्वत की मांग करते हैं। इस वजह से उसका ऑनलाइन फॉर्म रिजेक्ट कर दिया गया है।
व्यक्ति का कहना है कि वह काफी परेशान है उसकी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है, इसलिए वह राज्यपाल से मिलने आया था, लेकिन यहां से भी उसे भगा दिया गया है। परेशान चंद्र सेन भगत ने काफी हंगामा किया जिसके बाद पुलिस ने उसको वहां से आगे नहीं बढ़ने दिया। रो रो कर उसने मीडिया कर्मियों को अपनी दास्तां बताई और बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार में ऐसा ही होता है।
उसने रो-रोकर यह भी बताया कि बिना पैसे लिए यहां समाज कल्याण डिपार्टमेंट में कोई काम नहीं होता जिन लोगों के पास सब कुछ है उनके पेंशन कार्ड बने हुए हैं, लेकिन उस गरीब की कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
मालूम हो कि राज्यपाल सोमवार को रामपुर पहुंची थीं। जहां सबसे पहले रजा लाइब्रेरी पहुंचकर वहां लगे स्टेचू के बारे में उन्होंने जानकारी ली। राज्यपाल ने रजा लाइब्रेरी में दुर्लभ पांडुलिपियों के साथ ही पेंटिंग के रूप में सरंक्षित रामायण का भी अवलोकन किया था। इसके साथ ही राज्यपाल रजा लाइब्रेरी द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में भी शामिल हुई थीं।
उसके बाद मंगलवार को राज्यपाल वरिष्ठ कांग्रेस नेता बेगम नूरबानो के साथ गांधी समाधि गई थीं। इसके बाद उन्होंने मनोहरपुर स्थित जूबलैंड एग्रीकल्चर रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। राज्यपाल ने प्रशिक्षण केंद्र में जैविक सब्जियों व औषधियों के स्टॉल भी देखे।
राज्यपाल ने गाय के गोबर से कंडे, गमले और जैविक खाद बनाने वाली यूनिट भी देखी। यही नहीं आनंदीबेन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से महिला स्वंय सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण करने पहुंचीं। इस दौरान राज्यपाल ने छात्रों और किसानों के साथ बातचीत भी की। केंद्र के निदेशक दीपक मेंदीरत्ता ने राज्यपाल को केंद्र में जैविक सब्जियों और ट्रेनिंग की जानकारी दी।
वहीं मंगलवार शाम रामपुर से अमरोहा जाते वक्त उनकी सुरक्षा में चूक हो गई थी। राज्यपाल के काफिले में अचानक एक तेल की गाड़ी जा घुसी थी। घटना में डीएम रामपुर समेत कई अफसरों के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।