UP: जेल में बने दोस्त.. शुरू कर दी गांजे की तस्करी, दिल्ली में महिला को पहुंचानी थी खेप, इस चूक से पकड़े गए
Moradabad Crime News: मुरादाबाद में एसटीएफ ने मझोला क्षेत्र से ट्रांसपोर्टर जुल्फिकार समेत तीन आरोपियों को 151 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर दिल्ली समेत कई शहरों में तस्करी करते थे। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
विस्तार
मुरादाबाद में एसटीएफ ने बुधवार दोपहर मझोला क्षेत्र के पैपटपुरा से ट्रांसपोर्टर जुल्फिकार, उसके साथी नरेंद्र कुमार और नितिन कुमार को एक क्विंटल से ज्यादा गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी उड़ीसा से पीतलनगरी में गांजे की तस्करी करते थे। बरामद गांजा दिल्ली समेत देश के अलग-अलग शहरों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत एक करोड़ रुपये है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बरेली यूनिट की एसटीएफ के हत्थे चढ़ा गांजा तस्कर जुल्फिकार बरेली के भुता थाना क्षेत्र के फैजनगर का निवासी है। उसका ट्रांसपोर्ट का काम है। दूसरा आरोपी नरेंद्र कुमार मझोला के भोगपुर मिठौनी का रहने वाला है और मोबाइल की दुकान पर काम करता है।
तीसरा आरोपी नितिन कुमार मझोला क्षेत्र में ही एफसीआई गोदाम के पास रामेश्वर कॉलोनी का रहने वाला है। नितिन डीआरएम ऑफिस में संविदा पर गाड़ी चलाता है। आरोपी ट्रांसपोर्टर जुल्फिकार ने पूछताछ में बताया कि उसके ट्रक उड़ीसा के कटक में सामान पहुंचाने जाते हैं। वहीं से बॉडी बंद ट्रकों में गांजा लेकर मुरादाबाद पहुंचते।
यहां से ट्रांसपोर्टर अपने साथी नरेंद्र और नितिन के साथ मिलकर दिल्ली व अन्य शहरों में गांजे की तस्करी करता है। 27 जनवरी को 151 किलो गांजा मुरादाबाद आया था। 40 किलो गांजा अमरोहा देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसा खुमार निवासी कमरुद्दीन को दे दिया गया था, जबकि 10 किलो गांजा सिविल लाइंस के आदर्श कॉलोनी निवासी अरुण कुमार को बेचने के लिए दिया गया था।
बाकी 101 किलो गांजा दिल्ली पहुंचाना था। आरोपी गांजा लादकर कार से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी घेराबंदी कर एसटीएफ ने तीनों को दबोच लिया। एसटीएफ की ओर से मझोला थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद गिरफ्तार तीनों आरोपियाें को जेल भेज दिया गया।
दिल्ली में महिला को पहुंचाना था गांजा
एसटीएफ के हत्थे चढ़े गांजा तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वह 101 किलो गांजा दिल्ली में एक महिला को पहुंचाने जा रहे थे। महिला को अमरोहा निवासी कमरुद्दीन जानता है। आरोपियों ने बताया कि कमरुद्दीन दिल्ली जाते समय उन्हें अमरोहा के जोया में मिल जाता। इसके बाद वह भी कार में बैठकर उनके साथ दिल्ली जाता और महिला से मिलता। उससे रकम लेने के बाद माल उसे ही सौंपना था।
तिहाड़ में दोस्त बने थे दो आरोपी
एसटीएफ के अधिकारियों का दावा है कि पकड़े गए तस्कर जुल्फिकार और नरेंद्र कुमार तिहाड़ जेल में बंद थे। वहीं दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी और बाहर आने के बाद गांजे की तस्करी शुरू कर दी। लंबी निगरानी के बाद एसटीएफ को दोनों को पकड़ने में सफलता मिली।