रामपुर: पाकिस्तान पर जमकर बरसे नकवी, बोले- भारतीय मुसलमानों ने हमेशा आतंकवाद को ठुकराया है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी सोमवार दोपहर रामपुर पहुंचे, जहां वो पाकिस्तान पर जमकर बरसे। नकवी ने बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बदहवास पाकिस्तान के शासक, उनके आतंकी दोस्त और आईएसआई, भारतीय मुसलमानों की राष्ट्रभक्ति और अमन पसंदगी पर भी सवाल खड़ा करने की कायराना साजिश करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इन आतंक के आकाओं को समझ लेना चाहिए कि भारत में अल-कायदा, इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकी संगठनों की शैतानी हरकतें और जड़ें नहीं जम पाई हैं तो इसमें भारत के मुसलमानों की राष्ट्रवादी सोच का बड़ा योगदान है।
नकवी ने कहा कि भारतीय मुसलमानों ने हमेशा आतंकवाद को ठुकराया है और अमन और इंसानियत का साथ दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादी गैंग का गैंगस्टर बन गया है जो पूरे विश्व के अमन और इंसानियत के लिए खतरा है। जिस बात को भारत ने बहुत पहले समझ लिया था उसे आज पूरी दुनिया समझ चुकी है।
इस दौरान उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले के बारे में कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की जनता की खुशहाली पर से 370 के काले बादल भी छंट गए हैं। पाकिस्तान, आतंकवादियों और अलगाववादियों की बेचैनी-बौखलाहट का यही कारण है।
नकवी ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने की जानकारी देश के जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने एक से 30 सितंबर तक पूरे देश में व्यापक जनसंपर्क व जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। भाजपा के कार्यकर्त्ता 370 हटाए जाने से जम्मू, कश्मीर, लद्दाख में होने वाले अभूतपूर्व विकास की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे। नकवी ने कहा कि 370 का खात्मा, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख की 370 समस्याओं के समाधान का रास्ता साफ करेगा।
उन्होंने दावा किया कि भारत सरकार ने 2004 से 2019 तक 2 लाख 77 हजार करोड़ रुपये जम्मू-कश्मीर और वहां के नागरिकों के विकास के लिए भेजे थे। इसके बावजूद वहां कोई विकास नहीं हुआ और सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। वहां 370 की वजह से भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने वाली एजेंसियां और कानून लागू नहीं होने दिए गए, लेकिन 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भी बाकि राज्यों की तरह विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेंगे।