{"_id":"60ea09598ebc3ef9ff101f98","slug":"unhappy-with-love-affairs-family-members-killed-their-daughter-in-moradabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रेम संबंधों से नाखुश घर वालों ने की बेटी की हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रेम संबंधों से नाखुश घर वालों ने की बेटी की हत्या
Sun, 11 Jul 2021 02:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, कुंदरकी (मुरादाबाद)
अमर उजाला नेटवर्क, कुंदरकी (मुरादाबाद)
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 11 Jul 2021 02:25 AM IST
सार
- प्रेमी की तहरीर पर युवती के पिता, चाचा समेत चार पर रिपोर्ट, दो हिरासत में
- मैनाठेर क्षेत्र से 20 जून को लापता हुई थी युवती
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
मैनाठेर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों से नाराज होकर घर वालों द्वारा युवती की हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने का मामला सामने आया है। युवती के प्रेमी की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पिता, चाचा, तहेरे और फुफेरे भाई के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। युवती के चाचा और तहेरे भाई को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
मैनाठेर निवासी शोभित चौधरी ने अपनी तहरीर में कहा है कि सुंदरपुर गांव निवासी विजेंद्र सिंह की बेटी मनु (24) से उसका काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन मनु के परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। परिजनों ने मनु को दबाव में लेना चाहा, लेकिन वह नहीं मानी। शोभित ने दावा किया है कि 19 जून की सुबह मनु ने उसे तीन बार कॉल की थीं, जिसमें उसने बताया था कि पापा, चाचा, तहेरा भाई उसकी हत्या कर सकते हैं।
विज्ञापन
यह सुनने के बाद 20 जून को वह अपने माता-पिता के साथ युवती के घर गया लेकिन मनु के घर वाले गुस्साए तेवर से पेश आए और उनको बिना सुने वापस कर दिया। इसके बाद वह 20 जून की रात में मनु को घर से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने के इरादे से फिर गया।
विज्ञापन
शोभित का कहना है कि वह छिपकर मौके की तलाश कर रहा था कि इसी बीच एक सफेद कार मनु के घर के पास रुकी। कार मनु का फुफेरा भाई पुनीत चला रहा था। मनु का तहेरा भाई संजीव घर से निकलकर निगरानी करने लगा और इसी बीच मनु के पिता और चाचा हाथ पैर बांधकर मनु को लाए और कार की डिकी में डालकर कहीं ले गए।
इसके बाद से युवती का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने मनु के पिता विजेंद्र सिंह, चाचा नरेश, तहेरे भाई संजीव और फुफेरे भाई पुनीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए चाचा और तहेरे भाई को हिरासत में ले लिया है। पुनीत बिलारी थाना क्षेत्र के चांदपुर का रहने वाला है।
युवक की तहरीर पर पिता, चाचा, तहेरे और फुफेरे भाई के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द इस मामले में खुलासा किया जाएगा।
पवन कुमार, एसएसपी