रफ्तार बनी जानलेवा: मुरादाबाद में नेशनल हाईवे पर बुलेट और डीसीएम की टक्कर, हादसे में चचेरे-तहेरे भाइयों समेत तीन की मौत
मुरादाबाद के कुंदरकी में चंदौसी बाईपास पर डीसीएम और बुलेट की टक्कर में बिलारी थाना क्षेत्र के अलैहदादपुर देवा निवासी अमित (20) पुत्र जयप्रकाश और उसका तहेरा भाई आजाद उर्फ मोनू (18) पुत्र श्याम सिंह और गांव का ही नमन (23) पुत्र रामकुंवर की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे से सटे कुंदरकी बाईपास पर वाहनों की तेज रफ्तार काल बन गई। जिसमें तेज रफ्तार डीसीएम चालक ने बुलेट मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बुलेट सवार चचेरे-तहेरे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों मझोला क्षेत्र में एक्सपोर्ट फर्म में काम करने जा रह थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। तीनों युवक एक ही बुलेट पर सवार थे। किसी ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।
पुलिस के मुताबिक बिलारी थाना क्षेत्र के अलैहदादपुर देवा निवासी अमित (20) पुत्र जयप्रकाश और उसका तहेरा भाई आजाद उर्फ मोनू (18) पुत्र श्याम सिंह और गांव का ही नमन (23) पुत्र रामकुंवर मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर स्थित एक्सपोर्ट फर्म में लकड़ी का काम करते थे। तीनों युवक बुलेट मोटर साइकिल पर सवार थे और बुलेट अमित चला रहा था। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे से सटे कुंदरकी बाईपास पर जैतपुर पट्टी गांव के सामने मुरादाबाद की ओर से तेज गति से आ रही डीसीएम के चालक ने उनकी बुलेट को सामने से टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में बुलेट सवार आजाद उर्फ मोनू और नमन की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल अमित को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। बाद में घायल अमित ने भी मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। उधर, भीषण हादसे को अंजाम देकर आरोपी चालक डीसीएम को छोड़कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि मृतक आजाद उर्फ मोनू के पिता श्याम सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आजाद ने दी थी हाईस्कूल की परीक्षा
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आजाद उर्फ मोनू ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सीएचसी पर शव को देखकर उसके भाई गमगीन नजर आए। आकस्मिक सड़क हादसे की सूचना पर मृतक आजाद के माता-पिता के अलावा सगे संबंधी और रिश्तेदार भी बेहाल हो उठे। इसके अलावा मृतक नमन और अमित के परिजनों में भी कोहराम मचा है।
ट्रिपल राइडिंग जान पर पड़ रही भारी
दो पहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग और यातायात के नियमों की अनदेखी जान पर भारी पड़ रही है। गौरतलब है कि बीती दस मई को मैनाठेर थाने के निकट मुरादाबाद-संभल रोड पर ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक बाइक पर सवार दो बच्चों समेत पांच लोग सवार थे। इसमें मां-बेटे की मौत हो गई थी। वहीं, गुरुवार को भी बुलेट मोटर साइकिल पर तीन युवक सवार थे। साथ ही यह युवक हेलमेट भी नहीं पहने हुए थे।