मुरादाबाद। भारतीय वाल्मीकि धर्म सभा (भारत) की बैठक रविवार को सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर पार्क में हुई जिसमें वाल्मीकि समाज की समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में संगठन की ओर से सरकार के सामने आठ प्रमुख मांगों को रखने का निर्णय लिया गया। इनमें प्रत्येक राज्य और जनपद में वाल्मीकि समाज के लिए रोजगार सहायता केंद्र खोलना, वाल्मीकि समाज के लिए भवनों का निर्माण और वाल्मीकि बस्तियों का संपूर्ण विकास कराना शामिल है। सफाई कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देने की मांग भी उठाई गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जयपाल सिंह वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से संगठन का एक प्रतिनिधि बहुत जल्द मुलाकात करेगा। इस दौरान महिलाओं के लिए योजना संचालित करने, वाल्मीकि समाज को अलग से आरक्षण का अधिकार देने और इसकी निगरानी के लिए समितियों के गठन की मांग रखी जाएगी। बैठक में संगठन को विस्तार देने के लिए मुरादाबाद की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सत्यपाल वाल्मीकि को जिलाध्यक्ष, कपिल राज को जिला महामंत्री, सुदेश लहरी को जिला कोषाध्यक्ष, सन्नी वाल्मीकि को जिला प्रभारी, सोहन लाल वाल्मीकि को जिला उपाध्यक्ष, सत्यपाल को जिला उपाध्यक्ष, राजू को जिला मीडिया प्रभारी और जितेंद्र प्रेमी को युवा विंग जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। मुकेश भारती को महानगर अध्यक्ष, चंद्रकांत को महानगर महामंत्री बनाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष ऋतुराज पार्षिक, आशीष शौरी, राजवीर सिंह, सविता सरन, सुरेंद्र जैनवाल, कपिल कुमार राणा, अमित कुमार वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।