मुरादाबाद। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत नगर स्तरीय विज्ञान क्विज जूनियर हाईस्कूल मऊ की सरस्वती को पहला स्थान मिला। विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
कंपोजिट विद्यालय कांशीराम नगर मुरादाबाद में हुई प्रदर्शनी में नगर क्षेत्र मुरादाबाद के सभी जूनियर हाईस्कूलों से आए 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी नगर सर्वेश कुमार और सुरेंद्र सिंह के द्वारा फीता काटकर किया गया। विज्ञान विषय के विशेषज्ञ शिक्षकों ने बच्चों से विभिन्न चरणों में 30 प्रश्नों के उत्तर पूछे। प्रत्येक प्रश्न का उत्तर देने के लिए अधिकतम 30 सेकेंड का समय निर्धारित किया गया था। क्विज प्रतियोगिता में जूनियर हाईस्कूल मऊ की सरस्वती ने प्रथम, जूनियर हाईस्कूल कुंदनपुर के अरकान ने द्वितीय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की शिखा ने तृतीय, कंपोजिट विद्यालय कांशीराम नगर के आकाश ने चतुर्थ और कंपोजिट विद्यालय गंज के गुलाम वारिस ने पंचम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के शुरुआती 10 विजेता बच्चों को खंड शिक्षा अधिकारी नगर ने 500 रुपये नकद, प्रमाणपत्र और शील्ड देकर पुरस्कृत किया।
विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में कन्या जूनियर हाईस्कूल मऊ को पहला, कंपोजिट विद्यालय मझोला को दूसरा और लोदीपुर को तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विज्ञान विशेषज्ञ स्वेता चहल, मुकुल कौशिक, आशीष कुमार शर्मा शामिल रहे। इस दौरान प्रधानाध्यापिका रत्नेश बाला, राहुल शर्मा, प्रतिमा कुमारी, अशोक कुमार, पूर्णिमा पाल, नमिता गुप्ता, अलका सिक्का, प्रशांत कुमारी, आशा बडोला आदि मौजूद रहे।