Moradabad: अगवानपुर की फैक्टरी में छापा, डेढ़ करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी गई, लंबे समय से चल रही थी जांच
राज्य कर के अपर आयुक्त आरए सेठ ने बताया कि एसआईबी प्रवर्तन टीम ने शेरूवा धर्मपुर अगवानपुर स्थित विहान बोर्ड की फैक्टरी में छापा मारा। जांच से पता चला कि व्यवसायी ने शुगर मिल से काफी संख्या में बोर्ड तैयार करने के लिए बैगास खरीदा था, लेकिन उसने इनवाॅयस जारी नहीं किया था।
विस्तार
राज्य कर की टीम ने अगवानपुर शेरूवा धर्मपुर कांठ रोड स्थित स्ट्रा बोर्ड की फैक्टरी में बृहस्पतिवार को छापा मारकर डेढ़ करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी। 12 घंटे तक चली कार्रवाई से फैक्टरी मालिक सकते में गया। फैक्टरी मालिक ने तत्काल 55 लाख रुपये भुगतान कर दिया।
राज्य कर के अपर आयुक्त आरए सेठ ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कर चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत राज्य कर की एसआईबी प्रवर्तन टीम ने शेरूवा धर्मपुर अगवानपुर स्थित विहान बोर्ड की फैक्टरी में छापा मारा।
जांच से पता चला कि व्यवसायी ने शुगर मिल से काफी संख्या में बोर्ड तैयार करने के लिए बैगास खरीदा था, लेकिन उसने इनवाॅयस जारी नहीं किया था। यह फैक्टरी लगभग 22 एकड़ में स्थित है जो स्ट्रा बोर्ड तैयार करतीहै। फर्म की जांच के लिए 15 अधिकारियों को लगाया गया था।
जांच के दौरान डेढ़ करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी गई। इसमें असत्यापित माल के स्टॉक और अभिलेख मौजूद थे। जांच की गंभीरता को देखते हुए व्यापारी ने तत्काल 55 लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया। इस मामले में व्यवसायी की जांच जारी है।
राज्य कर के अधिकारियों ने चेताया कि पांच से दस करोड़ के बीच खरीद फरोख्त करने पर ई इनवॉयस जारी करना जरूरी है। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रा बोर्ड का इस्तेमाल फाल्स सीलिंग में किया जाता है। 12 घंटे की लगातार जांच के बाद टीम लौट गई।
जोन के 2472 व्यवसायी रडार पर
राज्य कर के अपर आयुक्त ने बताया कि जीएसटी अधिनियम के तहत पांच से दस करोड़ तक वार्षिक टर्नओवर वाले करदाताओं को ई इनवॉयस जारी करना अनिवार्य है। करदाता के मध्य ई इनवॉयस की जागरूकता के लिए आयुक्त, राज्य कर ने एनआईसी के माध्यम से एक ऑनलाइन कार्यक्रम 27 जून से शुरू किया था।
जांच में आया है कि मुरादाबाद जोन के पांच करोड़ से अधिक वार्षिक टर्नओवर वाले 1472 व्यापारी मौजूद हैं, जो ई इनवॉयस जारी नहीं किए हैं। इन व्यापारियों को ई-चालान जारी कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। ई इनवॉयस जारी नहीं करने पर राज्य कर की टीमें छापा मारकर कार्रवाई करेंगी। पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य कर की टीम ने फैक्टरी में छापा मारा था। 12 घंटे तक टीम ने किसी को अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाने नहीं दिया। इस दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों समेत करीब 30 लोग मौजूद थे। अकाउंट्स विभाग से लेकर अन्य सभी जगह की छानबीन की गई। कई दस्तावेजों को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। फैक्टरी में जीएसटी चोरी की आशंका मानते हुए करीब 50 लाख रुपए जीएसटी विभाग के खाते में ट्रांसफर करा लिए। - सूर्या वर्धन,मैनेजर विहान बोर्ड प्राइवेट लिमिटेड अगवानपुर