पाकबड़ा। डीएम एसपी से शिकायत के बाद भी अवैध खनन पर अंकुश नहीं लगाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार देर रात पाकबड़ा थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को अवैध खनन रोकने का आश्वासन तो दिया, लेकिन दिन निकालने से पहले ही खनन का धंधा फिर शुरू हो गया।
पाकबड़ा नगर के वार्ड एक पाट वाली मिलक गांव में अवैध खनन जोरों पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि माफिया रात भर ट्रैक्टर और ट्राली गांव में गांगन नदी से खनन कर रहे हैं। रात भर गांवों से गुजरने वाले खनन माफिया के वाहन ग्रामीणों की परेशानी का सबब बने हुए हैं। भारी वाहनों के कारण गांव की सड़कें भी खराब हो चुकी हैं। कई बार इन ट्रालियों के चपेट में आकर ग्रामीण घायल हो चुके हैं। खेतों को भी नुकसान हो रहा है। रविवार रात पच्चीस से अधिक ग्रामीण थाना परिसर में पहुुंचे और खनन माफिया पर कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने खनन पर अंकुश लगाने का आश्वासन दिया। सोमवार सुबह गांव निवासी महेंद्र सिंह, दीपक सिंह, मलखान सिंह, राम पाल सिंह, देशराज सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया की रात में पुलिस ने खनन रोकने का आश्वासन देकर लौटा दिया था, सुबह से ही खनन फिर से शुरू हो गया है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि रात में किसी भी प्रकार का खनन नही होने दिया जायेगा। खनन विभाग से अनुमति होने पर भी दिन में खनन होगा रात में खनन होने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।