Moradabad: सप्तक्रांति की पेंट्रीकार में पकड़े बिना टिकट यात्री, कर्मी करा रहा था यात्रा, चेकिंग पर खुली पोल
सप्तक्रांति एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में बिना टिकट यात्रा करते हुए यात्री पकड़े गए। जब चेकिंग टीम ने यात्रियों से पूछताछ की तो पता चला एक कर्मी सभी को यात्रा करा रहा है। अधिकारियों ने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं।
विस्तार
आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जा रही (12558) सप्तक्रांति एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में रेलवे की टीम ने चेकिंग की। टीम को सूचना मिली थी कि पेंट्रीकार में संचालक बिना टिकट यात्रियों को सफर करा रहा है।
मुरादाबाद में गाड़ी चेक की गई तो 50 से ज्यादा यात्री थे, जिनमें से 23 ही हाथ लगे। पेंट्रीकार मैनेजर भी भाग निकला। रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने इन बिना टिकट यात्रियों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
रेड की सूचना सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता को भेजी गई। चेकिंग करने वाली टीम में सीआईटी एसके सिन्हा, भावेश शर्मा, अतुल कुमार, दीप्ती सैनी व आरपीएफ स्टाफ मौजूद रहा। पेंट्री कार मैनेजर को पकड़ने के लिए बरेली की टीम को भी निर्देशित किया गया लेकिन वहां भी वह हाथ नहीं आया।
जम्मू से गोरखपुर के बीच चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें
गर्मियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर से जम्मू के शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन तक दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 18 व 19 जून को चलेंगी और मुरादाबाद से होकर गुजरेंगी।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि 18 जून को ट्रेन (04562) शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन से तड़के 3:15 बजे चलेगी। जम्मूतवी, पठानकोट, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, रुड़की होते हुए शाम 5:45 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी।
10 मिनट रुकने के बाद बरेली, सीतापुर, गोंडा होते हुए अगले दिन सुबह 4:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन (04664) 19 जून को तड़के 3:15 बजे शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से चलेगी।
समान रास्ते से होते हुए उसी समय मुरादाबाद व गोरखपुर पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों में सामान्य, स्लीपर व एसी कोच उपलब्ध रहेंगे।