Moradabad Bar Election: 21 पदों के लिए 73 प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत, 2158 वकीलों ने किया मतदान
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह दस बजे से शुरू हुई प्रक्रिया शाम पांच बजे तक चलेगी। इस दौरान 2465 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। मतगणना बुधवार को होगी।
विस्तार
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को मतदान हुआ। सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक चले मतदान में 2158 वकीलों ने अपने मत का इस्तेमाल किया। अध्यक्ष, महासचिव पद समेत 21 पदों के लिए मतदान किया गया। 73 प्रत्याशियों की किस्मत मत पेटी में बंद हो गई है।
अब बुधवार सुबह से मतों की गिनती शुरू होगी। अध्यक्ष और महासचिव पद के परिणाम सबसे पहले आ सकते हैं। मंगलवार की सुबह दस बजे से ही मतदान प्रक्रिया आरंभ कर दी गई। जिसमें करीब 11 बजे के बाद वकीलों की लंबी-लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थीं।
मतदाता अपने चुनिंदा प्रत्याशियों को वोट देने के लिए लाइन लगाकर वोट देते दिखाई दिए। जिनमें उत्साह दिखाई दे रहा था। इस वार्षिक चुनाव में 73 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिन्होंने मतदान स्थल पर मतदाताओं को अपने हक में वोट देने की अपील भी की।
एल्डर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीस पोलिंग बूथ बनाए गए थे। साथ ही उन अधिवक्ता वोटर का भी ध्यान रखा गया जो जीना चढ़ने में असमर्थ थे। उनके लिए अलग से मतदान करने की व्यवस्था की गई थी।
भूतल पर ही मत पेटियां लगाई गई थी। अधिवक्ताओं ने शांति के साथ अपने वोट का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह दस बजे से वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। सबसे पहले अध्यक्ष और महासचिव का रिजल्ट घोषित किया जा सकता है। जिसके साथ अन्य पदों की गिनती भी की जाएगी। मतगणना समय पर पूरी नहीं हो पाएगी तो बृहस्पतिवार को भी मतगणना का कार्य किया जा सकता है।
307 वकीलों ने नहीं किया मतदान
मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में 73 प्रत्याशियों ने हुंकार भरी थी। बार कमेटी के 21 पदों पर कमेटी का गठन किया जाना है। 2465 मतदाताओं की सूची तैयार की गई थी। मंगलवार की सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक 2158 मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। 307 वकीलों ने मतदान नहीं किया।
हर परीक्षा से गुजरने को तैयार
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने अपना नामांकन कराया गया था। तीनों प्रत्याशियों ने अपनी अपनी प्राथमिकताओं में अधिवक्ता सम्मान के साथ बार और बेंच का संतुलन बनाना प्रथम कार्य बताया है। साथ ही उनका कहना है कि अधिवक्ताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार प्रदीप सिन्हा उर्फ बबली ने बताया कि हमारी प्राथमिकता अधिवक्ताओं के सम्मान के लिए हमेशा रही है। चाहे पद पर रहा या नहीं रहा। मैंने हमेशा ही साथी अधिवक्ताओं के हित को सर्वोपरि रखा है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ताओं को न्यायिक कार्य करने के लिए एक अच्छे माहौल की जरूरत है। जिससे आम लोगों को न्याय प्राप्त हो सके। हमारी प्राथमिकता बेंच और बार के बीच अच्छा वातावरण बनाए रखने की है। जूनियर साथियों को उनके न्यायिक कार्य में पूर्ण सहयोग देना होगा। जिससे कि वह अपने न्यायिक कार्य को सफलता पूर्वक कर सके।
अधिवक्ता परमाल सिंह ने कहा कि अधिवक्ता कल्याण के लिए कार्य किया जाएगा। अधिवक्ताओं का सम्मान कायम रखना मेरी पहली कोशिश होगी। इस बार चुनाव में जीता तो बेवजह हड़ताल पर अंकुश लगाया जाएगा साथ ही एक साल पूर्ण होने के बाद समय रहते वार्षिक चुनाव करा दिया जाएगा। अधिवक्ताओं के मान सम्मान मे किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं होगा।
तहसील के अधिवक्ताओं ने भी डाला वोट
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के वार्षिक चुनाव में टैक्स बार एसोसिएशन और आसपास की तहसील जिसमें बिलारी, कांठ, और ठाकुरद्वारा के ऐसे वकील भी मतदान करने आए, जो बार के सदस्य हैं।