Moradabad Airport: उड़ान का इंतजार...अब भी बरकरार, उद्घाटन के 65 दिन बाद भी समस्याएं बरकरार
मुरादाबाद एयरपोर्ट से उद्घाटन के दो माह बाद भी सेवाएं शुरू नहीं हो पाई। इससे यात्रियों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। हवाई सेवा कब शुरू होगी इसके बारे में कोई भी अधिकारी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कह पा रहा है।
विस्तार
मुरादाबाद एयरपोर्ट का उद्घाटन हुए 65 दिन बीत चुके हैं। उद्घाटन से पहले की दिक्कतें अब तक बरकरार हैं। निजी कंपनी न तो विमान की व्यवस्था कर पाई है और न पायलटों की। इसी तरह एचपीसीएल कंपनी को फ्यूल स्टेशन स्थापित करने के लिए अनुमति नहीं मिली है।
10 मार्च को जब उद्घाटन हुआ तो शहर के लोगों को लगा कि अब एक दशक पुराना सपना पूरा हो जाएगा। निजी कंपनी व एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दावा किया कि सप्ताह भर के अंदर उड़ान शुरू हो जाएगी। बाद में पता चला कि फ्लाई बिग कंपनी के पास सिर्फ दो विमान हैं, जिनसे आजमगढ़, अलीगढ़, चित्रकूट व श्रावस्ती एयरपोर्ट पर सेवाएं दी जा रहीं हैं।
ऐसे में मुरादाबाद एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू नहीं हो पाई। छोटे विमान लखनऊ से ईंधन रखकर नहीं ला सकते इसलिए हवाई अड्डे पर फ्यूल स्टेशन बनाने की अनुमति मांग गई। एचपीसीएल कंपनी की यह फाइल अब तक डीजीसीए कार्यालय में अटकी है।
इन सभी खामियों के कारण मुरादाबाद के लोगों का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। अब कंपनी दावा कर रही है कि चुनाव के बाद मुरादाबाद से फ्लाइट शुरू होगी।
लाइटों को लेकर भी फंसा था पेच
एयरपोर्ट के मुख्य द्वार व परिसर में लाइटों को लेकर भी पेंच फंसा था। हाल ही में एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर लाइट लगा दी गई हैं। हालांकि परिसर में काम रह गया है। जिला प्रशासन के मुताबिक यह कोई बड़ा काम नहीं है, बहुत जल्द परिसर में भी लाइटेें लग जाएंगी। इससे पहले जिला प्रशासन ने हवाई अड्डे पर रनवे की लेवलिंग, रेसा मिट्टी, गेटों पर लोहे की जाली लगवाने का काम किया था। पहले जंगली जानवर भी एयरपोर्ट क अंदर प्रवेश कर जाते थे।
लाइसेंस का नवीनीकरण भी जल्द हो जाएगा
मुरादाबाद से फ्लाइट उड़े बिना एयरपोर्ट के लाइसेंस का नवीनीकरण भी हो जाएगा। डीजीसीए ने 17 नवंबर 2023 को छह माह के लिए उड़ान का लाइसेंस जारी किया था। छह माह पूरे हो गए लेकिन उड़ान शुरू नहीं हो पाई। अब एएआई ने लाइसेंस की नवीनीकरण की प्रकिया भी पूरी कर दी है। इसे लेकर डीजीसीए की टीम का भ्रमण भई हो चुका है। बीसीेएस की टीम ने सिक्योरिटी वेटिंग का प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करा दिया है।