{"_id":"629143028dad577579517c24","slug":"haj-pilgrimage-fees-fixed-less-from-mumbai-the-highest-cost-from-guwahati-departure-from-6th-june","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haj Yatra : एक लाख रुपये महंगी हुई हज यात्रा, फीस तय, मुंबई से कम तो गुवाहाटी से सबसे अधिक खर्चा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haj Yatra : एक लाख रुपये महंगी हुई हज यात्रा, फीस तय, मुंबई से कम तो गुवाहाटी से सबसे अधिक खर्चा
Sat, 28 May 2022 03:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ/मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ/मुरादाबाद
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 28 May 2022 03:00 AM IST
सार
दिल्ली से उड़ान भरने पर आजमीनों को खर्च करने होंगे 3.88 लाख रुपये। लखनऊ से हज के पाक सफर पर जाने की फीस 3.90 लाख रुपये होगी। मुंबई से हजयात्रा की फीस 3.76 लाख रुपये, गुवाहाटी से 4.39 लाख रुपये।
विज्ञापन
हजयात्रा हुई महंगी
विस्तार
प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वालों को इस बार एक लाख रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। यात्रा का खर्च सऊदी रियाल के मुकाबले रुपये की विनिमय दर के आधार पर तय होता है। रियाल के रेट तय होने के बाद लखनऊ से सऊदी अरब के लिए उड़ान भरने वाले हज यात्रियों को 3 लाख 90 हजार 350 रुपये खर्च करने होंगे। साल 2019 में प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वालों को 2 लाख 90 हजार 850 रुपये खर्च करने पड़े थे।
विज्ञापन
इस बार प्रदेश से करीब 8 हजार हज यात्री लखनऊ और दिल्ली एयरपोर्ट से हज के लिए उड़ान भरेंगे। हज कमेटी के मुताबिक इस बार एक सऊदी रियाल की कीमत 20.70 रुपये तय हुई है। इससे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले हज यात्रियों को 3 लाख 90 हजार 350 रुपये और दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वालों को 3 लाख 88 हजार 800 रुपये खर्च करने होंगे। हज कमेटी के अनुसार इंडियन डेवलपपेंट बैंक के कुर्बानी कूपन का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को 16,747 रुपये अलग से जमा करने होंगे। शिया हज यात्री, जिन्होंने जोहफा कैटेगरी चुनी है, उन्हें 3,209 रुपये अलग से जमा करने होंगे।
विज्ञापन
दरअसल, हज यात्रा 2022 के लिए हज कमेटी इंडिया ने फीस तय कर दी है। दिल्ली से हजयात्रा के लिए जाने वाले आजमीनों को 3.88 लाख रुपये और लखनऊ से जाने वालों को 3.90 लाख रुपये खर्च करने होंगे। सबसे कम फीस 3.76 लाख रुपये मुंबई और सबसे अधिक 4.39 लाख रुपये गुवाहाटी से होगी। पाक सफर पर आजमीनों की रवानगी छह जून से होगी।
विज्ञापन
हज के पाक सफर पर देशभर से 79,237 आजमीन जाएंगे। मुरादाबाद से 710 आजमीनों को पाक सफर पर जाने का मौका मिला है। हजयात्रा के लिए फीस के तौर पर आजमीनों ने पहली और दूसरी किस्त जमा कर दी है। अब हज कमेटी इंडिया ने देश के अलग-अलग एयरपोर्ट से हजयात्रा की अलग-अलग फीस तय कर दी है।
दिल्ली से जाने वाले यूपी के आजमीनों को 1,87,800 रुपये और जमा करने होंगे। यहां से जाने वाले आजमीन पहली और दूसरी किस्त के रूप में 2,01,000 रुपये जमा कर चुके हैं। ऐसे ही लखनऊ से जाने वाले आजमीनों को कुल 3,90,350 रुपये जमा करने हैं। यहां से जाने वाले आजमीन 1,89,350 रुपये और जमा करना पड़ेगा। वहीं कुर्बानी के लिए 16747 रुपये अलग से जमा करने होंगे।
हजयात्रा के लिए फीस तय कर दी है। तय फीस में कुर्बानी की रकम नहीं जोड़ी गई। आजमीनों को कुर्बानी के लिए 16,747 रुपये अलग से जमा करना होगा।
- हाजी मुख्तार असलम, हज ट्रेनर
15 जुलाई से जद्दा से होगी वापसी
हजयात्रा 2022 के लिए फ्लाइट शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। आमजीनों की हज के पाक सफर पर रवानगी छह जून को होगी। आखिरी उड़ान 17 जून को भरी जाएगी। आजमीनों की वापसी 15 जुलाई से शुरू होगी। वापसी की आखिरी उड़ान 28 जुलाई भरी जाएगी। दिल्ली से जाने वाले आजमीन मदीना में पहुंचेंगे, जबकि इनकी वापसी जद्दा से होगी।
पहली बार सिर्फ अजीजिया कैटेगरी होगी
मुरादाबाद। हजयात्रा में पहली बार आजमीनों के लिए सिर्फ एक कैटेगरी अजीजिया रखी गई है। इससे पहले अजीजिया के साथ आमजीनों के लिए ग्रीन कैटेगरी भी होती रही है। ग्रीन कैटेगरी वाले आजमीनों को हरम शरीफ के नजदीक होटल मुहैया कराई जाती है। इसकी फीस भी अजीजिया कैटेगरी से अधिक होती है।
किस एयरपोर्ट से कितनी होगी यात्रा की फीस
एयरपोर्ट फीस
मुंबई 3,76,150 रुपये
अहमदाबाद 3,78,100 रुपये
कोचीन 3,84,200 रुपये
दिल्ली 3,88,800 रुपये
हैदराबाद 3,89,450 रुपये
लखनऊ 3,90,350 रुपये
बेंगलुरु 3,99,050 रुपये
कोलकाता 4,14,200 रुपये
श्रीनगर 4,23,000 रुपये
गुवाहाटी 4,39,500 रुपये