मुरादाबाद : बार के पूर्व अध्यक्ष ने नौ लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
सिविल लाइंस थाने में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के पूर्व अध्यक्ष विनय कौशिक ने दो महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने रकम लेने के बाद भी जमीन का बैनामा नहीं कराया।
विस्तार
उन्होंने बताया कि मैनाठेर निवासी प्रदीप, संजीव, छोटी और सविता ने 23 सितंबर 2013 को अपनी जमीन का दो लाख रुपये में सौदा तय किया था। उस समय एक लाख 75 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। बाकी 25 हजार रुपये रजिस्ट्री के समय देना तय हुआ था।
आरोप है कि आरोपियों ने रकम लेने के बाद भी जमीन का बैनामा नहीं कराया। इतना ही नहीं आरोपियों ने इस जमीन का बैनामा 28 जुलाई 2018 को शाने आलम निवासी रहमत नगर थाना कटघर, मोहम्मद यूनुस निवासी सरायतरीन जनपद संभल और मुख्तार अहमद निवासी रहमतनगर को कर दिया। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई, मगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद अधिवक्ता ने कोर्ट की शरण ली।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी सहंसवीर सिंह ने बताया कि प्रदीप, सजीव, छोटी, सविता, शाने आलम, मुख्तार अहमद, जान मोहम्मद, मोहम्मद यूनुस और मोहम्मद साजिद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।