फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   Banquet hall lift broke down in Moradabad Four workers seriously injured in the accident

बैंक्वेट हॉल की लिफ्ट टूटकर गिरी: अचानक आई धड़ाम की आवाज; एक का पैर तो दूसरे की कंधे की हड्डी फ्रैक्चर; 4 घायल

Mon, 18 Nov 2024 02:38 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद Published by: शाहरुख खान Updated Mon, 18 Nov 2024 02:38 PM IST
सार

मुरादाबाद के इब्राहिम बैंक्वेट हॉल में तार टूटने से लिफ्ट गिर गई। हादसे में चार मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

विज्ञापन
Banquet hall lift broke down in Moradabad Four workers seriously injured in the accident
मुरादाबाद में लिफ्ट हादसा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुरादाबाद के लाजपतनगर पुलिस चौकी के सामने इब्राहिम बैंक्वेट हॉल में लिफ्ट टूटकर गिर गई। हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बैंक्वेट हॉल की उपरी मंजिल से खाद्य पदार्थ लिफ्ट से नीचे लाते समय हुआ। घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्हें निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। दो मजदूरों की हालत गंभीर है।

विज्ञापन


यह घटना रविवार शाम साढ़े पांच बजे की है। कटघर थानाक्षेत्र के चार मंजिले इब्राहिम बैंक्वेट हॉल में शाम को रिसेप्शन पार्टी थी। इसमें पार्टी में करीब 700 लोग आमंत्रित किए गए थे। मेहमानों के दावत के लिए खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। बैंक्वेट हॉल के चौथी मंजिल पर कारीगरों ने नाश्ता और खाना तैयार किया था। जिसे लिफ्ट से तीसरी मंजिल लाया जा रहा था। लिफ्ट में खाद्य पदार्थों के साथ ही चार श्रमिक सुभाष, विकास, सुमेर और अरशद थे।
विज्ञापन


तभी अचानक तार टूट गया और धड़ाम से लिफ्ट नीचे आ गिरी। इसके बाद बैंक्वेट हॉल में अफरातफरी मच गई। सभी लिफ्ट की ओर दौड़ पड़े। लिफ्ट में फंसे घायल चारों मजदूरों को किसी तरह निकालकर जिला अस्पताल लाया गया। बाद में मजदूरों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया दिया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


घायलों में सुमेर और अरशद की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मजदूर डबल फाटक के पास के ही रहने वाले हैं। ठेकेदार उन्हें खाना बनाने के लिए लाया था। कटघर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि लिफ्ट में भार अधिक होने के कारण तार टूट गया। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

धड़ाम की आवाज... फिर मची चीखपुकार

जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त मेहमानों को नाश्ता कराने की तैयारी चल रही थी। जिला अस्पताल में भर्ती हादसे में घायल सुभाष ने बताया कि मैं, विकास, सुमेर और अरशद के साथ खौलती हुई मूंग की दाल लेकर लिफ्ट से नीचे आ रहा था। तभी अचानक लिफ्ट तेजी से नीचे चली और धड़ाम की तेज आवाज हुई। इसके बाद हम सभी बेहोश हो गए। होश में आने पर डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक पुलिस और एंबुलेंस आ चुकी थी। 

चार मंजिला इब्राहिम बैंक्वेट हॉल में लगी लिफ्ट की देखरेख में लापरवाही का नतीजा यह रहा कि चार मजदूरों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि यह हादसा दावत शुरू होने से पहले हुआ अन्यथा यहां आने वाले मेहमान भी इसी लिफ्ट से आने जाने वाले थे।

घटना के बाद पुलिस और बैंक्वेट हॉल के लोग घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाए, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए। मजदूरों को किस अस्पताल में ले गए हैं, इसकी जानकारी तक उन लोगों ने जिला अस्पताल प्रशासन को नहीं दी।

30 किलो खौलती मूंग दाल का भगौना गिरने से झुलसे मजदूर

बैंक्वेट हॉल संचालक ने चारों घायलों को जिला अस्पताल से रेफर कराकर तीन मजदूरों को हरथला में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है, जबकि चौथे मजदूर अरशद को कहां भर्ती कराया, इसकी खबर उसके घायल साथी सुभाष, विकास व सुमेर तक को नहीं है।

घायलों ने बताया कि बैंक्वेट हॉल की चौथी मंजिल पर वलीमा की दावत का खाना होना था और तीसरी मंजिल के हॉल में डांस आदि का कार्यक्रम था। खाना-नाश्ता चौथी मंजिल पर ही बन रहा था। नाश्ता तैयार होने के बाद उसे वह लोग तीसरी मंजिल के हॉल में लिफ्ट से ही ला रहे थे।

नाश्ते के साथ में करीब 30 किग्रा खौलती मूंग की दाल भी थी, जो घटना के दौरान भगौने से उछल कर बाहर आ गई और उससे विकास व सुभाष के हाथ-पैर व चेहरे झुलसे भी हैं।

एक का पैर तो दूसरे की कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर

जिला अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉ. पवन कुमार ने बताया कि श्रमिक सुभाष व विकास को हल्की चोटें हैं, लेकिन इनके अन्य दो साथी सुमेर व अरशद की हालत गंभीर है। इन दोनों का इमरजेंसी एक्स-रे भी कराया तो उसमें एक मजदूर के पैर और दूसरे के कंधे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया।

बाद में घायलों को परिजन निजी अस्पताल लेकर चले गए। किस अस्पताल में ले गए हैं, इसकी जानकारी उन्होंने अस्पताल में नहीं दी।

 

चार साल पहले गाजियाबाद से मंगाई थी लिफ्ट

बैंक्वेट हॉल के मालिक हाजी असलम ने बताया कि वह बाहर हैं, उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि चार साल पहले गाजियाबाद से लिफ्ट मंगाकर अपनी फैक्टरी में लगवाई थी। करीब दो-तीन महीने पहले ही उसे फैक्टरी से बैंक्वेट हाॅल में शिफ्ट करवाया था।

इस लिफ्ट की क्षमता कितने वजन की है, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इससे पहले लिफ्ट से कभी भी कोई घटना नहीं हुई है और न ही लिफ्ट में कोई खराबी आई।

हर तीन महीने पर लिफ्ट की होनी चाहिए जांच

स्वास्थ्य विभाग में तैनात सहायक अभियंता विद्युत मांगेराम के मुताबिक हैं कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की गाइड लाइन में स्पष्ट है कि प्रत्येक तीन महीने पर लिफ्ट की जांच करानी चाहिए। लिफ्ट संचालन के लिए भी नियमित रूप से ऑपरेटर रखने के निर्देश हैं। यह नियम सरकारी और निजी क्षेत्र में लगी लिफ्ट के लिए हैं।

दोपहर में भी खराब हुई थी लिफ्ट, फंस गए थे मजदूर

निजी अस्पताल में भर्ती मजदूरों के मुताबिक घटना से पहले दोपहर में भी लिफ्ट खराब हुई थी। नीचे उतरते समय मजदूर लिफ्ट में फंस गए थे। फिर बैंक्वेट हॉल वालों ने किसी तरह से दोबारा लिफ्ट चालू कर ली थी। एक बार ऐसा होने वह डरे भी थे तो लिफ्ट से आने जाने को तैयार नहीं थे। लेकिन बैंक्वेट हॉल के मैनेजर ने काम की जल्दबाजी में मजदूरों को लिफ्ट से ही आने-जाने को कहा।

गनीमत रही दावत से पहले ही हुआ हादसा

गनीमत रही कि हादसा उस समय हुआ जब वलीमा की दावत की तैयारी चल रही थी। नहीं तो दावत के समय कार्यक्रम व खाना खाने के लिए आने वाले मेहमान लिफ्ट का ही प्रयोग करते और उस समय यदि तार टूटता और लिफ्ट नीचे गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed