अमरोहा: नींद की झपकी से बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, नेपाल के दो मजदूरों की मौत, 17 लोग घायल
मोहम्मदाबाद गांव के सामने ओवरब्रिज पर नींद की झपकी आने से नेपाल के मजदूरों से भरी बस सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
लद्दाख से मजदूरी कर लौट रहे नेपाल के मजदूरों की बस मोहम्मदाबाद गांव के सामने हाईवे के ओवरब्रिज पर सीमेंट की बोरी लदे ट्रैक्टर ट्रॉली से साइड लगने से हादसे का शिकार हो गई। बस में सवार दो यात्रियों भगीराम (58) और सुर वशिष्ठ (45) की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।
चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग और पुलिस माैके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी और निकट के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे का शिकार बस व ट्रैक्टर ट्रॉली को क्रेन की मदद से हटवाया गया। हादसा सोमवार सुबह करीब पांच बजे मोहम्मदाबाद गांव के सामने हाईवे के ओवरब्रिज पर हुआ।
मई माह के अंतिम सप्ताह में नेपाल के बड़कुली थाना क्षेत्र के मेलकुली गांव निवासी करीब 20 लोग मजदूरी करने के लिए लद्दाख गए थे। जहां से प्राइवेट बस से वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह उनकी बस मोहम्मदाबाद गांव के सामने पहुंची थी। इस बीच चालक धीरेंद्र को नींद की झपकी आ गई।
जिससे बस आगे चल रहे सीमेंट की बोरी लदे ट्रैक्टर ट्रॉली से साइड लग गई। साइड इस कदर लगी कि बस का आगे का एक तरफ का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार भगीराम (58) और सुर वशिष्ठ (45) निवासी मेलकुली की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।
हाईवे पर हादसे से चीख पुकार मचने पर मोहम्मदाबाद गांव के लोग दौड़ पड़े। राहगीर भी रुक गए। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर पंकज तोमर ने माैके पर पहुंच कर क्रेन मंगाई और हादसे का शिकार बस व ट्रैक्टर ट्रॉली को हाईवे से हटवाया।
सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि हादसे में दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार करा दिया गया। शवों के पोस्टमार्टम कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में ये लोग हुए घायल
हादसे में मृतक भगीराम की पुत्रवधू पुष्पा, बेटा विनोद, पुष्पा के गोद का बच्चा निखिल (2), ओम बहादुर राहुल उसकी पत्नी ओसा, ध्रुव प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद व उसकी पत्नी रीता देवी, राजेश, आरोही (1) पुत्र राजेश, नूर वशिष्ठ, टेक बहादुर, देवा, ओमफा सिंह, कमल, मनीराम, बस चालक धीरेंद्र व परिचालक प्रकाश घायल हो गए। घायलों को नगर के निजी अस्पतालों, सीएचसी में भर्ती कराया गया। उधर चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यात्रियों के मना करने पर भी तेज दौड़ा रहा था बस
गजरौला हाईवे पर हादसे का शिकार बस में घायल हुए लोगों ने बताया कि हादसे के लिए बस का चालक जिम्मेदार है। वह बस को तेज गति से दौड़ा रहा था। बस में सवार लोगों ने उससे कई बार कहा कि धीमी रफ्तार से चलाए, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। बस की रफ्तार तेज नहीं होती तो हाईवे पर भीषण हादसा नहीं होता।