Moradabad: बारिश में नहाने निकले छात्र को डीसीएम ने कुचला, दोस्तों के सामने तोड़ दिया दम, निकल गई सबकी चीख
सोनकपुर ओवरब्रिज पर डीसीएम ने छात्र को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि वह बारिश के दौरान दोस्तों के साथ नहाने जा रहा था।
विस्तार
मझोला थाना क्षेत्र में सोनकपुर ओवरब्रिज पर बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे डीसीएम ने एक छात्र को टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्र आदित्य उर्फ वैभव की मौत हो गई। हादसे के समय छात्र अपने अन्य दोस्तों के साथ बारिश में नहाने के लिए घर से निकला था।
छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मझोला के हरथला कांशीराम निवासी कुंवरपाल सिंह निर्यात फर्म में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रेखा निजी स्कूल में टीचर हैं। कुंवरपाल के बेटे आदित्य उर्फ वैभव (15) इसी साल 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
उसने आईटीआई की प्रवेश परीक्षा देने के लिए फार्म भरा है। बृहस्पतिवार सुबह कुंवरपाल फर्म चले गए थे जबकि पत्नी रेखा भी स्कूल में पढ़ाने चली गई थीं। घर में बेटा आदित्य उर्फ वैभव अकेला था। कुंवरपाल की बेटी वैष्णवी भी साहू रमेश इंटर कॉलेज में पढ़ने गई थी।
दोपहर करीब तीन बजे आदित्य अपने दोस्तों के साथ बारिश में नहाने निकल गया। मझोला थाना क्षेत्र में सोनकपुर ओवरब्रिज पर डीसीएम ने छात्र को टक्कर मार दी। इस हादसे में आदित्य उर्फ वैभव गंभीर रूप से घायल हो गया।
आस पड़ोस के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि हादसे के बाद डीसीएम चालक फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
इकलौते बेटे की मौत से टूट गया परिवार
हादसे की जानकारी मिलने पर कुंवरपाल और उनकी पत्नी रेखा जिला अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंच गए। इकलौते बेटे कीमौत से मां बाप टूट गए। उनका रो रोकर बुरा हाल है।
पंखे में आए करंट की चपेट में आकर ढाई वर्षीय बच्ची की मौत
कुंदरकी के गांव डोमघर में बृहस्पतिवार सुबह पंखे (टेबल पंखा) में आए करंट की चपेट में आकर ढाई वर्षीय फाबिया नूर की मौत हो गई। फाबिया पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। कुंदरकी क्षेत्र के गांव डोमघर निवासी किसान शफी अहमद ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह घर में पंखा चल रहा था।
उसकी छोटी बेटी फाबिया पंखे के पास पहुंच गई। पंखे में करंट आ रहा था। फाबिया ने पंखा छुआ तो वह करंट की चपेट में आकर झुलस गई। घायल हालत में परिजन फाबिया को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक फाबिया चंचल स्वभाव की थी। छोटी होने के चलते वह सभी की लाडली थी। परिजनों ने बालिका के शव को गमगीन माहौल में गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।