{"_id":"13642","slug":"Moradabad-13642-46","type":"story","status":"publish","title_hn":"टैंपो वालों के शोर पर झुकी कंपनी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टैंपो वालों के शोर पर झुकी कंपनी
Moradabad
Updated Sat, 12 May 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। सिटी एनर्जी ने चार मई को सीएनजी के रेट बढ़ा दिए थे। कुल चार रुपये 97 पैसे प्रति किलो के हिसाब से कीमत में इजाफा किया गया। इससे भड़के आटो वालों ने हड़ताल कर दी थी। कई रोज तक हल्ला मचता रहा। शुक्रवार को एडीएम सिटी की मध्यस्थता में कंपनी और आटो वालों की वार्ता हुई। करीब एक घंटे चली मीटिंग में तय हुआ कि सीएनजी की बढ़ी कीमतों में एक रुपया कम कर दिया जाएगा। यानी अब शहर में सीएनजी 57.65 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी।
मुरादाबाद जिले में दो हजार से ज्यादा आटो सीएनजी से चलते हैं। दो पंपों पर सीएनजी उपलब्ध कराई जाती है। जब रेट बढ़े तो आटो वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन हुए। प्रशासन ने यह कहकर हड़ताल खत्म कराई थी कि वह आटो वालों की सिटी एनर्जी के अधिकारियों से वार्ता कराएंगे। जितने रेट कम हो सकते हैं उस पर वार्ता होगी। शुक्रवार को एडीएम सिटी हरिकृष्ण नाथ त्रिपाठी की मौजूदगी में आटो वाले और सिटी एनर्जी के अफसरों के बीच वार्ता हुई। कंपनी वालों ने भी कीमत बढ़ाने का अपना तर्क रखा। इन लोगों का कहना था कि अभी भी उन लोगों को 11 रुपये प्रति किलोग्राम का नुकसान उठाना पड़ रहा है। खैर लंबी मीटिंग में एक रुपये कम करने के लिए सिटी एनर्जी वाले राजी हो गए। भरोसा दिलाया गया कि शुक्रवार की रात से रेट में एक रुपये की कमी कर दी जाएगी।
विज्ञापन
चार मई से पहले सीएनजी के रेट...56.68 रुपये प्रति किलो
चार मई के बाद सीएनजी के रेट...58.65 रुपये प्रति किलो
बारह मई से सीएनजी के रेट...57.65 रुपये प्रति किलो
अभी राजी नहीं आटो वाले
मुरादाबाद। आटो वाले अभी राजी नहीं हैं। इन्होंने कहा है कि वह उपभोक्ता फोरम में जाएंगे। पेट्रोलियम मंत्री को भी ज्ञापन भेजा जा रहा है। इन लोगों का कहना था कि पड़ोस के जिलों में सीएनजी मुरादाबाद से काफी सस्ती है। आटो यूनियन के किशनलाल ने कहा कि वह लोग आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
विज्ञापन