Mirzapur: गोवा से घर लौटते समय भाई के ससुराल पहुंचा बनारस का युवक, अगले दिन फंदे पर लटका मिला शव
वाराणसी के साहित्यनाका निवासी संजय सोनकर (28) गोवा से सीधा मिर्जापुर जिले के राजपुर स्थित भाई के ससुराल पहुंचा। रविवार सुबह उसका शव घर से कुछ ही दूर पेड़ पर फंदे पर लटकता मिला।
विस्तार
मिर्जापुर देहात कोतवाली क्षेत्र के राजपुर के पास एक बगीचे में पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता युवक का शव मिला। पास ही युवक के भाई की ससुराल है। भाई के ससुराल वालों ने शिनाख्त कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। सूचना पर एएसपी सिटी और सीओ सदर ने मौके पर जाकर छानबीन की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
वाराणसी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के साहित्यनाका निवासी संजय सोनकर (28) पुत्र भोला सोनकर गोवा में रहकर काम करता था। संजय सात भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। संजय हाल ही में गोवा गया था। गोवा से सीधे अपने भाई के ससुराल धौरुपुर चला गया। शनिवार रात परिजनों को फोन कर सूचना दी।
युवक का भाई की साली से प्रेम संबंध था
उसका शव रविवार सुबह राजपुर स्थित एक बगीचे में अमरूद के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटकता मिला। सूचना पर 100 मीटर दूर स्थित भाई के ससुराल वालों ने पहुंचकर शिनाख्त की। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भरुहना चौकी प्रभारी नरेंद्र यादव और देहात कोतवाल बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: बच्चों की आई याद तो सात माह बाद प्रेमी को छोड़ घर लौटी महिला, पति ने किया अपनाने से इनकार
फंदे पर लटका शव जमीन पर घुटने के बल पड़ा था। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति और सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी डाग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संजय के भाई शिवकुमार सोनकर ने बताया कि एक भाई की साली से उसका प्रेम संबंध था। हम लोग शादी के लिए राजी थे। लड़की के परिवार वाले राजी नहीं थे। इसलिए उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।
एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने कहा कि युवक ने फंदे पर लटक कर जान दी है। वह गोवा से अपने भाई की ससुराल पहुंचा था। युवक का भाई की साली से प्रेम संबंध था। परिजनों की तहरीर पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।