मिर्जापुर: तांत्रिक पर दुराचार का आरोप, प्रयागराज से पूजा करने विंध्याचल पहुंची थी महिला
मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक चौराहा के पास एक होटल में रुकी प्रयागराज की महिला ने गुरुवार को ज्योतिषाचार्य पर दुराचार का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रयागराज निवासी एक अधेड़ महिला ने होटल से पुलिस को सूचना दी कि उसे नशे का सामान खिलाकर कई कीमती वस्तुएं चोरी हो गई हैं। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस महिला को थाना विंध्याचल ले आई।
यहां पूछताछ के बाद महिला ने बताया कि प्रयागराज के ही एक ज्योतिषाचार्य पूजा कराने के बहाने विंध्याचल लेकर आया था। होटल के कमरे में कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया। जिसके बाद मोबाइल एवं अन्य सामान लेकर फरार हो गया। महिला ने दुराचार की भी आशंका जताते हुए आरोप लगाया।
इसके बाद पुलिस प्रयागराज के ज्योतिषाचार्य से संपर्क साधने के बाद जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष नीरज पाठक ने बताया कि महिला ने पहले चोरी का आरोप लगाया और थोड़ी देर बाद दुराचार करने की भी आशंका जताई। जिसके बाद ज्योतिषाचार्य से संपर्क बनाया गया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। मामला संदिग्ध लग रहा है।