UP Chunav 2022: भोजपुरी अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी ने कहा- अखिलेश बाबू टोटी वापस करो यह अच्छी बात नहीं
दिल्ली के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि योगी सरकार में बेटियों को इतना बल मिल गया है कि अब कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका वाड्रा भी कहती हैं कि बेटी हूं, मैं भी लड़ सकती हूं।
विस्तार
भोजपुरी अभिनेता और दिल्ली के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर जमकर तंज कसा। कहा, अखिलेश बाबू टोटी वापस करो, यह अच्छी बात नहीं है।
साथ ही कहा कि यह उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कांग्रेस, सपा सहित अन्य दलों को निशाने पर लेते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। वे रविवार को जौनपुर तथा मिर्जापुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जौनपुर के सिंगरामऊ के हरिहरपुर गांव स्थित खेल के मैदान में भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद मिश्र के समर्थन में मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा की कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है। इसी की देन है कि हमारी आस्था और संस्कृति विश्व में अपना एक स्थान बनाए है।
मनोज तिवारी ने भोजपुरिया अंदाज में मथुरा भी सजने लगा है वंशी अब बजने लगी है गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद सांसद चार बजे मिर्जापुर पहुंचे। देवकली इंटर कॉलेज परिसर में रैली को संबोधित करते हुए चुनार विधायक अनुराग सिंह के पक्ष में मतदान करने एवं कमल खिलाने की अपील की।
कहा कि योगी सरकार में बेटियों को इतना बल मिल गया है कि अब कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका वाड्रा भी कहती हैं कि बेटी हूं, मैं भी लड़ सकती हूं। पहले बेटियों को रौंदने का कार्य किया जाता था। बीजेपी कभी झूठे वादे नहीं करती बल्कि वह जरूरत के समय करके दिखाती है।
कोरोना काल में निशुल्क टीकाकरण इसका उदाहरण है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता की पार्टी सरकार बनना तय है इसलिए हर घर नल योजना के तहत सप्लाई देने के लिए टोटी वापस किया जाय।
बीजेपी की सरकार बनाने पर इंटर पास मेधावी छात्राओं को स्कूटी, किसानों के लिए फ्री बिजली, 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को मुफ्त में रोडवेज बस यात्रा, दो करोड़ युवाओं के हाथों में स्मार्टफोन होगा वहीं होली दीवाली में मुफ्त सिलिंडर गैस मिलेगा।