खतरनाक वॉटरफॉल: चूना दरी जलप्रपात में पिकनिक मनाने आए लखनऊ विवि के दो छात्र डूबे, मौत से मचा हड़कंप
लखनऊ से चूना दरी जलप्रपात में पिकनिक मनाने आए दो छात्र नहाते समय गहरे पानी में चले गए। काफी प्रयास के बाद भी दोनों को बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना पुलिस को दी।
विस्तार
लखनऊ से वाराणसी होते हुए चार युवक रविवार शाम लखनिया दरी जलप्रपात पर स्थित चूना दरी पिकनिक मनाने पहुंचे। झरने में नहाते समय लखीमपुर खीरी के धौरहरा महाराजगंज निवासी भानु मौर्य (27) फिसल कर गहरे पानी में चला गया। हादसे के समय साथ में नहा रहे अंकित दुबे (24) ने साथी को बचाने की कोशिश की पर वह भी डूबने लगा। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए।
इसे भी पढ़ें; IRCTC Tour Package: आईआरसीटीसी लेकर आया है इंटरनेशनल टूर का शानदार पैकेज, बैंकॉक जाने के लिए यहां करें बुकिंग
मौके पर मौजूद साथी लखनऊ के शारदा नगर आशियाना के रुचिखंड-1 निवासी आयुष गुप्ता और गोंडा के शाहपुर परसपुर निवासी अमित कुमार व अन्य पर्यटकों ने डूब रहे युवकों को बचाने का प्रयास किया पर सफल नहीं हो सके।
चुना दरी में मोबाइल नेटवर्क नहीं था। मोबाइल के रेंज में पहुंचकर साथियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डूबे युवकों की तलाश कराया पर उसका पता नहीं चल सका। खोजबीन के लिए पुलिस ने चुनार से गोताखोरों को बुलाया, पर अंधेरा होने के चलते उनकी तलाश पूरी नहीं हो सकी। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। डूबे युवकों की अब सोमवार की सुबह तलाश कराई जाएगी।
क्या बोले अधिकारी
चूना दरी जलप्रपात पर कई हादसे हो चुके हैं। पर्यटकों को रोकने के लिए लगातार प्रयास किया जाता है। दो पर्यटकों के डूबने की सूचना पर तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है। तलाश कराई जा है।
-अजय सेठ थानाध्यक्ष अहरौरा