लालगंज। क्षेत्र के जयकर गांव में बीते दिनों बुखार से किशोर की मौत मामले में स्क्रब टाइफस से मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किशोर के परिजनों की भी जांच की। साथ ही क्षेत्र में सफाई आदि कराने का निर्देश दिया।
लालगंज थाना के जयकर गांव निवासी रुद्र त्रिपाठी (18) पुत्र अमरेश त्रिपाठी को बुखार आने पर स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल से लेकर वाराणसी व लखनऊ तक चिकित्सकों को दिखाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। 21 सितंबर को उसकी मौत हो गई। बुखार से मौत होने पर सीएमओ ने जांच के लिए सैंपल भेजा था। जांच रिपोर्ट में स्क्रब टाइफस बुखार से मौत होने की पुष्टि हुई। स्क्रब टाइफस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। डेंगू को लेकर चिंता पहले ही बढ़ी थी, वहीं अब स्क्रब टाइफस बुखार ने भी स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर प्रत्येक सदस्यों की बारीकी से जांच की। मामले में सीएमओ डॉ. पीडी गुप्ता ने पत्र भेज कर इससे बचाव के लिए ब्लाक स्तर पर डाक्टरों को अलर्ट के साथ जिला पंचायती राज अधिकारी को गांवों मे विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम एक परिवार के घर पहुंच करके उनके परिवार समेत पड़ोस के परिवार को मिलाकर भी सदस्यों की जांच की।