मिर्जापुर: चारपाई पर सो रहे किशोर की सर्पदंश से मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में ना पड़ते तो बच सकती थी जान
मिर्जापुर जिले के गलरा गांव में बृहस्पतिवार की देर रात चारपाई पर सो रहे एक किशोर के हाथ में जहरीले सांप ने डस लिया। झाड़-फूंक और दवा पिलाने के चक्कर में किशोर की जान चली गई। किशोर के साथ चारपाई पर उसका छह वर्षीय भतीजा भी सोया था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के गलरा गांव में बृहस्पतिवार की देर रात चारपाई पर सो रहे एक किशोर के हाथ में जहरीले सांप ने डस लिया। जानकारी होने पर परिजन हरकत में आए। किशोर को अस्पताल ले जाने की बजाय उसे झाड़फूंक के लिए बरौंधा ले गए। हालत बिगड़ने पर जब तक उसे अस्पताल ले जाते, तब तक किशोर की मौत हो गई।
किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हलिया थाना क्षेत्र के गलरा गांव निवासी कल्लू धरकार का 16 वर्षीय पुत्र बसंत लाल बीती रात खाना खाकर अपने कच्चे मकान में चारपाई पर अपने भतीजे के साथ सोया हुआ था। देर रात 12 बजे के करीब हाथ में कुछ जलन होने का आभास होने पर किशोर ने परिजनों को आवाज लगाई।
टार्च जलाकर परिजनों ने देखा तो चारपाई के नीचे सांप बैठा हुआ था। परिजनों ने सांप को प्लास्टिक के डिब्बे से ढंक दिया। परिजन अस्पताल ले जाने की बजाय उसे झाड़फूंक के लिए बरौंधा ले गए। वहां हालत बिगड़ने पर करनपुर ले गए।
जहां दवा पिलाने के कुछ ही देर बाद किशोर की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। किशोर के बगल में सोया उसका छह वर्षीय भतीजा बाल-बाल बच गया। मृत किशोर का शव गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। बता दें कि मिर्जापुर जिले के कई गांव में आज भी सर्पदंश के बाद लोग अस्पताल जाने की जगह झाड़-फूंक पर भरोसा करते हैं।