मिर्जापुर: मिर्जापुर: स्टांप विक्रेता को गोली मारकर पौने चार लाख की लूट, मिलिट्री कंपाउंड के सामने की घटना
पीड़ित स्टांप खरीदने मिर्जापुर जा रहा था। उसके पास पौने चार लाख रुपये थे, जो बैग में थे। एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
विस्तार
मिर्जापुर के करनपुर घाटी में बुधवार तड़के मिलिट्री कंपाउंड के सामने फोरलेन मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने स्टांप विक्रेता को गोली मारकर पौने चार लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर देहात कोतवाली और लालगंज थाने की पुलिस पहुंची। घायल को मंडलीय अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मौके पर डीआईजी, एसपी, एएसपी और सीओ भी पहुंचे। मामले में दो नामजद और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्षेत्र के कोलकम कला गांव निवासी लालबाबू बिंद (40) की लालगंज तहसील में स्टांप की दुकान है। वह बुधवार की सुबह लगभग चार बजे स्टांप लेने के लिए पौने चार लाख रुपये लेकर मिर्जापुर आ रहा था। वह देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर घाटी में मिलिट्री कंपाउंड के सामने फोरलेन मार्ग पर पहुंचा।
बांए पैर में मारी गोली
इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और लालबाबू को रोककर रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। छीना-झपटी में बदमाशों ने स्टांप विक्रेता के बांए पैर में गोली मार दी। इससे लालबाबू लहूलुहान हो गए और बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर मिर्जापुर शहर की ओर भाग गए। इसके बाद स्टांप विक्रेता ने फोन करके अपने परिचितों और परिवार को जानकारी दी।
फिर लालगंज पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद लालगंज थानाध्यक्ष विजय चौरसिया, देहात कोतवाल विपिन सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। घायल को मंडलीय अस्पताल लाया गया। वहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। डीआईजी आरके भारद्वाज ने मौके पर जाकर छानबीन कर जल्द खुलासे का निर्देश दिया।
घायल के पिता शंकर लाल की तहरीर पर पुलिस ने परिवार के श्यामलाल और मुंशी लाल के अलावा तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। डीआईजी/एसपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि करनपुर पहाड़ी पर स्टांप विक्रेता को पैर में गोली मारकर बाइक सवार तीन व्यक्तियों ने पौने चार लाख रुपये लूट लिए। घटना का पर्दाफाश करने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।