अहरौरा। पार्क और जिम के लिए पट्टी कला स्थित दुर्गा मंदिर के पास चिह्नित जमीन पर शनिवार को अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पांच नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को दी गई तहरीर में नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी मृत्युंजय ने आरोप लगाया कि शनिवार को दुर्गा मंदिर के पास पार्क व जिम के लिए चिह्नित स्थल पर एसडीएम चुनार चंद्रभानु सिंह के आदेश पर पुलिस, राजस्व तथा पालिका की टीम अतिक्रमण हटा रही थी। उसी दौरान महिलाओं व अतिक्रमण करने वालों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे जेसीबी का शीशा टूट गया। चालक सहित अन्य लोग घायल हो गए। फर्जी मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी गई। तहरीर में यह भी कहा गया था कि काफी संख्या में महिलाएं नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अतिक्रमण हटवाने गए कर्मियों को तलाशने लगीं। उनके नहीं मिलने पर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी के घर जाकर हंगामा किया। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पांच महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य लोगों की तलाश कराई जा रही है। उधर, एसडीएम चुनार चंद्रभानु सिंह का कहना है कि पार्क व जिम के लिए चयनित स्थल पट्टी कला स्थित दुर्गा मंदिर के पास अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।