मनरेगा के कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत मिलने लगी है। एक ही व्यक्ति मनरेगा के तहत कई जगह काम कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा के कार्यों में मनमानी की रही है। उनका आरोप है कि पात्र लोगों को काम ही नहीं मिल रहा है, जबकि अपात्र एक साथ कई जगह कागज पर काम कर रहे हैं।
सिटी विकास खंड के छीतपुर में मनरेगा के कई लाभार्थी ऐसे हैं जो एक ही समय में दो-दो जगह काम कर रहे हैं। मसलन, बुधवार को वे किसी प्राइवेट कंपनी में काम कर रहे हैं तो उसी दिन और समय पर वे मनरेगा का भी गांव में लाभ ले रहे हैं। ग्राम सभा में बने पंचायत भवन व उसकी मरम्मत, शौचालय निर्माण के साथ ही खड़ंजा व इंटरलाकिंग के कार्यों में भी वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। बीडीओ का कहना है कि उनको तकनीकी रिपोर्ट नहीं मिली है, जिस पर वे प्राथमिकी दर्ज कराएं। हालांकि सहायक अभियंता डीआरडीए का कहना है कि उन्होंने जांच रिपोर्ट सौंप दी है। सिटी विकास खंड के छीतपुर निवासी लालता मौर्य ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्रक भेजकर इस मामले की जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि मनरेगा के मस्टर रोल में गड़बड़ी की जा रही है। एक ही व्यक्ति को उसी समय काम पर दिखाया गया है, जिस समय वह दूसरी जगह काम कर रहा है। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।