मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक विंध्याचल मंडल तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर चयनित शिक्षकों को वेतन देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मिर्जापुर, सोनभद्र एवं भदोही में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से चयनित होकर नियमानुसार कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों का सत्यापन के नाम पर वेतन अवरुद्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि सत्यापन होने तक शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं से शपथ पत्र लेकर तत्काल उनके वेतन भुगतान की व्यवस्था की जाए। साथ ही सत्यापन के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए बोर्ड एवं विश्वविद्यालयों को पुन: स्मरण पत्र भेजते हुए कराया जाए। या फिर ऐसे शिक्षकों को सत्यापन के लिए भेजे गए पत्रों के पत्रांक संख्या दिया जाए। जिससे वह व्यक्तिगत रूप से विश्वविद्यालयों में जाकर अपना सत्यापन करा सकें। जिन शिक्षकों के सत्यापन कार्य पूर्ण हो चुके हैं। अविलंब उनका वेतन भुगतान किया जाए। और जिनके सत्यापन पूरे नहीं हुए हैं उनको यह जानकारी दी जाए की उनके किन-किन प्रमाण पत्रों का सत्यापन भी नहीं हुआ है। उनके साथ संगठन के जिला अध्यक्ष रमेश कुमार द्विवेदी, जिला मंत्री पवन कुमार उपाध्याय, वाराणसी के संगठन मंत्री अंजनी कुमार सिंह, प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा रहे।