मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में तीमारदार के साथ मारपीट करने के मामले में एएसपी सिटी ने जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
21 मई 2021 को मंडलीय अस्पताल में तीमारदार विष्णुकांत का इमरजेंसी में तैनात डाक्टर से विवाद हो गया था। मामले में आरटीआई कार्यकर्ता इरशाद अली ने मारपीट के वायरल वीडियो पर कार्रवाई की मांग की। आरटीआई कार्यकर्ता ने डीआईजी से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की थी। मामले में डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक को जांच करने का आदेश दिया। एसपी ने एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा को मामले की जांच का आदेश दिया। एएसपी सिटी ने मामले की जांच की। सभी पक्षों का बयान लिया। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि तीमारदार ने कोई अभियोग दर्ज नहीं कराया है। अस्पताल परिसर के पास पुलिस चौकी स्थित है। इमरजेंसी कक्ष में घटना से प्रतीत होता है कि पुलिस चौकी के कर्मचारियों ने सतर्कता नहीं बरती है। भविष्य में सतर्क रहकर कार्य करने के लिए तत्कालीन चौकी प्रभारी अस्पताल चंद्रकांत तिवारी को चेतावनी दी है। प्रदान करने के साथ मुख्य आरक्षी रामसेवल यादव, रामआशीष यादव, दौलत राम, सुल्तान अहमद, सुहेल खां, संतोष कुशवाहा, आरक्षी धनंजय यादव संतोष कुमार, बबलू कुमार सिंह को आदेश कक्ष में प्रस्तुत कर दंडित किए जाने की संस्तुति की गई है।