मड़िहान/कलवारी। मड़िहान थानाक्षेत्र के जुड़िया गांव में शुक्रवार की रात अनियंत्रित पिकअप मड़हे में बनी दुकान में घुस गई। इससे दुकान के बाहर बैठे छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देख सभी को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसमें एक अधेड़ की इलाज के दौरान ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक और सवार फरार हो गए।
क्षेत्र के जुड़िया गांव के पास मड़हे में स्थित किराना और जलपान की दुकान में शुक्रवार की रात कुछ लोग बैठे थे। नौ बजे एक भूसा व्यापारी की पिकअप रैकरा से कलवारी के लिए लौट रही थी। पिकअप जुड़िया गांव के सामने पहुंची कि अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी। दुकान के बाहर बैठे छह लोग पिकअप की चपेट में आ गए। इससे 43 वर्षीय राम आसरे, 64 वर्षीय रामप्यारे, 32 वर्षीय जितेंद्र, 58 वर्षीय रामअवतार, 55 वर्षीय जयराम, 46 वर्षीय कैलाश घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने 108 एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी मड़िहान भिजवाया। घटना के बाद पिकअप चालक समेत दो लोग फरार हो गए। अस्पताल पहुंचने पर 46 वर्षीय कैलाश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैलाश मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके चार पुत्र हैं, जिनके पालन पोषण की जिम्मेदारी अब पत्नी चंद्रावती पर आ गई है।